दो माह पुराने कोहकाडिबर प्राणघातक हमले के मामले में फरार दो आरोपी गिरफ्तार- न्यायिक अभिरक्षा में भेजे गए जिला जेल

0

हट्टा थाना क्षेत्र के ग्राम कोहकाडिबर में दो माह पूर्व हुए प्राणघातक हमले के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले में दो माह से फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। गिरफ्तार दोनों आरोपी शिव उर्फ शिवचरण नगपुरे 30 वर्ष और जमुना प्रसाद बिरनवार 43 वर्ष को न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल भेज दिया गया। वहीं प्रकरण का एक अन्य आरोपी आतिश लिल्हारे पुलिस गिरफ्त से बाहर है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम कोहकाडिबर में पूर्व सरपंच आतिश लिल्हारे और चिमनलाल बिरनवार के बीच लंबे समय से राजनीतिक रंजिश चली आ रही है। इसी रंजिश के बीच 7 अप्रैल की रात करीब 11 बजे गांव में आयोजित एक विवाह समारोह के दौरान विवाद भड़क गया था।बताया गया है कि समारोह में नाच-गाने के दौरान चिमनलाल बिरनवार के पुत्र राजू बिरनवार और गांव के जमुना प्रसाद बिरनवार के बीच कहासुनी हो गई थी। इसके बाद दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर प्राणघातक हमला किया। जिसमें कई लोग घायल हुए थे।घटना में आतिश लिल्हारे और जमुना प्रसाद बिरनवार गंभीर रूप से घायल हुए थे। जिन्हें उपचार के लिए गोंदिया के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहीं दूसरे पक्ष के घायल शैलेंद्र मसकरे और चिमनलाल बिरनवार को बालाघाट के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अन्य घायलों को भी उपचार उपलब्ध कराया गया था।मामले में दोनों पक्षों के विरुद्ध गंभीर धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया था। पुलिस लगातार फरार आरोपियों की तलाश कर रही थी। इसी क्रम में 15 जून को हट्टा पुलिस ने दो माह से फरार चल रहे आरोपी शिव उर्फ शिवचरण नगपुरे एवं जमुना प्रसाद बिरनवार को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल भेज दिया गया।पुलिस के अनुसार मामले में नामजद आरोपी आतिश लिल्हारे की गिरफ्तारी अभी नहीं हो सकी है। उसकी तलाश जारी है और शीघ्र गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी। वहीं दूसरे पक्ष के सभी नौ आरोपियों को पूर्व में गिरफ्तार किया जा चुका है।जो वर्तमान में न्यायालय से जमानत पर हैं।हट्टा पुलिस पूरे मामले की आगे की विवेचना कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here