पद्मेश न्यूज। वारासिवनी। नगर के इंडोर स्टेडियम परिसर में २३ सितंबर को नवदुर्गा उत्सव समिति सिविल क्लब बस स्टैंड के द्वारा आगामी नवरात्र पर्व की तैयारियों का शुभारंभ करते हुए माता रानी के भव्य दरबार निर्माण के लिए विधि विधान से भूमि पूजन किया गया। यह कार्यक्रम नवदुर्गा उत्सव समिति के अध्यक्ष संजय सिंह कछवाहा की अध्यक्षता में समिति के पदाधिकारी एवं सदस्यों की उपस्थिति में संपन्न हुआ। भूमि पूजन कार्यक्रम में पंडित लक्ष्मीकांत मिश्रा के द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि विधान से पूजन कराया गया। समिति के सदस्यों ने माता रानी का स्मरण कर आगामी नवरात्र पर्व को भव्य एवं आकर्षक बनाने का संकल्प लिया। इस दौरान नवरात्र के दौरान आयोजित होने वाले विभिन्न धार्मिक, सांस्कृतिक एवं मनोरंजनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी चर्चा की।
जिले सहित महाराष्ट्र तक पहचान बना चुका है आयोजन
नवदुर्गा उत्सव समिति सिविल क्लब बस स्टैंड के द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला नवरात्र उत्सव अपने भव्य पंडाल, आकर्षक साज सज्जा, गरबा आयोजन तथा हिंदी सिनेमा के कलाकारों एवं प्रसिद्ध गायकों की प्रस्तुतियों के लिए विशेष पहचान बना चुका है। समिति के आयोजन में वारासिवनी सहित बालाघाट जिले के विभिन्न क्षेत्रों के अलावा महाकौशल क्षेत्र और महाराष्ट्र के समीपवर्ती जिलों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। नवरात्र के दौरान प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु एवं दर्शक माता रानी के दर्शन करने तथा विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए आयोजन स्थल पर पहुंचते हैं। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए समिति के द्वारा इस वर्ष भी आयोजन को पहले से अधिक भव्य और आकर्षक बनाने की तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं।
बहार के कलाकार संभालेंगे भव्य गरबा
इस वर्ष नवरात्र पर्व की शुरुआत ११ अक्टूबर से होगी और २० अक्टूबर को दशहरा पर्व के साथ इसका समापन होगा। नवरात्र के दौरान नवदुर्गा उत्सव समिति के द्वारा भव्य गरबा कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए बहार से कलाकारों को आमंत्रित किए जाने की तैयारी है। समिति के द्वारा इस बार गरबा आयोजन के लिए पूर्व के ग्राउंड का विस्तार किया गया है ,ताकि बड़ी संख्या में प्रतिभागी एवं दर्शक इसमें शामिल हो सकें। गरबा आयोजन को पहले की अपेक्षा और अधिक व्यवस्थित एवं भव्य बनाने की तैयारी की जा रही है। नवरात्र के नौ दिनों के दौरान यह आयोजन श्रद्धालुओं और नगरवासियों के लिए प्रमुख आकर्षण का केंद्र रहने की संभावना है।
लाखों रुपए के इनाम वाला लक्की कूपन ड्रॉ भी होगा
समिति के द्वारा प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी लक्की कूपन ड्रॉ का आयोजन किया जाएगा। लक्की कूपन के माध्यम से लाखों रुपए के आकर्षक इनाम रखे जाने की तैयारी है। कूपन ड्रॉ का आयोजन शरद पूर्णिमा के अवसर पर किया जाएगा। शरद पूर्णिमा के कार्यक्रम को भी इस वर्ष विशेष रूप से भव्य बनाने की तैयारी समिति के द्वारा की जा रही है। इस अवसर पर हिंदी सिनेमा से जुड़े प्रसिद्ध कलाकार एवं गायक को आमंत्रित कर प्रस्तुति कराने का प्रयास किया जा रहा है। समिति के द्वारा बड़े कलाकारों को आमंत्रित करने की तैयारियां की जा रही हैं जिससे शरद पूर्णिमा का आयोजन भी विशेष आकर्षण का केंद्र बन सके।
गरबा सहित अन्य कार्यक्रम को और भव्य रूप बनाने किया जा रहा प्रयास-संजयसिंह कछवाहा
नवदुर्गा उत्सव समिति अध्यक्ष संजय सिंह कछवाहा ने बताया कि नवदुर्गा उत्सव समिति सिविल क्लब बस स्टैंड का यह २३ वां वर्ष है। इस नवरात्र पर्व को दुगने उत्साह के साथ उत्सव के रूप में मनाने के लिये हमने आज पंडाल का विधिवत भूमि पूजन किया है। इसके बाद माता रानी का भव्य दरबार बनना चालू हो जाएगा। हमारे द्वारा प्रतिवर्ष दो डेकोरेशन किए जाते हैं इसमें पंडाल कलकत्ता के कारीगर विशेष रूप से तैयार करते हैं ,वहीं स्थानीय डेकोरेशन के द्वारा लाइटिंग का कार्य देखा जाता है। ११ अक्टूबर से नवरात्र प्रारंभ हो रहा है जिसकी तैयारियां प्रारंभ कर दी गई है इस वर्ष भव्य गरबा देखने और करने मिलेगा। शरद पूर्णिमा पर हमारा जो फिल्मी कलाकारों का एक बड़ा प्रोग्राम होता है वह इस वर्ष भी किया जाएगा। लक्की ड्रा में प्रथम इनाम स्पोर्ट बाइक और सेकंड इनाम एक्टिवा सहित अन्य नाम रखे जायेंगे।










































