बालाघाट/
तिरोड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम पोनिया में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब एक युवक ने गांव के छोटे तालाब में छलांग लगा दी। जिससे उसकी मौत हो गई। यह घटना उस समय हुई। जब यह युवक अपने घर से नागपुर जाने के लिए निकला था। तिरोड़ी पुलिस ने मृतक युवक पवन पिता नंदकिशोर समरीते 22 वर्ष का शव मौके से बरामद कर पोस्टमार्टम करवा कर उसके परिजनों को सौंप दिया है। इस युवक द्वारा शराब के नशे में तालाब में कूद कर आत्महत्या की जाने की संभावना व्यक्त की जा रही है
प्राप्त जानकारी के अनुसार पवन मूल रूप से ग्राम पोनिया का निवासी था।लेकिन परिवार के साथ नागपुर में रहता था। दो दिन पहले ही पवन अपने मौसा की अंत्येष्टि में शामिल होने अपने गांव पोनिया आया था।17 अगस्त को सुबह 6:30 पवन नागपुर जाने के लिए पैदल अपने गांव के रेलवे स्टेशन निकला था। बताया कि पवन उस समय शराब के नशे में था। रेलवे स्टेशन जाते समय पवन ने अचानक तालाब में छलांग लगा दी। जिस तालाब में छलांग लगाते हुए गांव के ही निखिल परिहार ने देखा और तुरंत इसकी सूचना गांव के सरपंच पति लक्ष्मण भलावी को दी। सूचना मिलते ही गांव में भीड़ जमा हो गई और सरपंच पति ने तिरोड़ी थाना को खबर की। सूचना मिलते ही तिरोड़ी थाने से सहायक उप निरीक्षक उमेश दियेवार अपने स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय गोताखोरों की मदद से तालाब से पवन के शव को बाहर निकाला गया। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। प्राथमिक तौर पर मामला शराब के नशे में आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन आत्महत्या की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। मामले में धारा 194 भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के तहत मर्ग कायम कर लिया गया है सहायक उपनिरीक्षक उमेश दियेवार द्वारा आगे की जांच कर रहे हैं।










































