इंदौर: इंदौर में शुक्रवार रात करीब 11 बजे एक होम्योपैथ डॉक्टर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। राजेंद्र नगर पुलिस के अनुसार कुंदन नगर में रहने वाले डॉक्टर सुनील साहू (28) को उनकी क्लिनिक में घुसकर गोली मारी गई। डॉक्टर साहू अपने घर पर ही जीवन धारा नाम से क्लिनिक चलाते थे।
गोली लगने के बाद उन्हें पहले संकल्प अस्पताल ले जाया गया और फिर यूनिक अस्पताल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। एसीपी रुबीना मिजवानी ने बताया कि बदमाशों ने डॉक्टर को एक गोली मारी। जानकारी के मुताबिक बदमाश नकाब पहनकर आएं थे, लेकिन पुलिस का कहना है कि उनका चेहरा पूरी तरह ढका नहीं था।
बदमाश इलाज के बहाने आए थे
घटना के दौरान तीन बदमाश सर्दी-जुकाम का इलाज कराने के बहाने क्लिनिक में आए। वे 450 रुपए की फीस देकर दवा लेकर बाहर निकले। कुछ ही मिनटों में वे नकाब पहनकर लौटे और डॉक्टर साहू पर गोली चला दी। गोली उनके सीने में लगी। घटना के समय क्लिनिक में वार्ड बॉय और दो-तीन मरीज भी मौजूद थे। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश बाइक से फरार हो गए। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए।
परिवार कर रहा था घर पर इंतजार
डॉ. साहू की डेढ़ साल पहले सोनाली से शादी हुई थी। उनके कोई संतान नहीं है। घटना के समय उनकी पत्नी सोनाली और ससुर बाबूलाल घर पर थे। बाबूलाल सब्जी का व्यवसाय करते हैं। डॉ. साहू आमतौर पर रात 9:30 बजे तक घर लौट आते थे, इसलिए परिवार खाना खाए बिना उनका इंतजार कर रहा था। तभी सोनाली को सूचना मिली कि सुनील पर हमला हुआ है। परिवार तुरंत अस्पताल पहुंचा, लेकिन तब तक उनकी मृत्यु हो चुकी थी। डॉ. साहू की किसी से रंजिश होने का कोई प्रमाण अब तक सामने नहीं आया है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।