10 दिनों में 5 से 6 मकान को अज्ञात चोरों ने बनाया अपना निशाना, वार्डवासीयों में भय का माहौल, कैमरे में कैद हुये चोर,
इन दिनों कोतवाली थाना क्षेत्र में अज्ञात चोरों का बोलबाला है। अज्ञात चोरों द्वारा शहर के अलग-अलग वार्डों में सूने मकान, दुकान और भवनों को अपना निशाना बनाया जा रहा है। लगातार हो रही चोरियों के कारण अब पुलिस की रात्रि गश्त पर भी सवाल उठ रहे हैं। शहर के वार्ड क्रमांक 25 पुरानी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में अज्ञात चोरों द्वारा बीते कुछ दिनों से एक दिन के अंतराल में लगातार चोरी की जा रही है। अज्ञात चोरों ने कॉलोनी में बीते 10 दिनों के अंदर 5 से 6 सूने मकान को अपना निशाना बनाते हुए लाखों रुपए के जेवरात सहित नगदी पार कर दिये है । चोरों का वीडियो भी सीसीटीवी कैमरे में कैद हो चुका है। हो रही लगातार चोरी से अब वार्ड वासियों में भी भय उत्पन्न होने लगा है। यहां 20 जुलाई की प्रातः वार्ड वासियों ने एक चोर को भी पकड़ने की कोशिश की थी किंतु अज्ञात चोर अधिक भीड़ को देखकर भाग गया।
आपको बता दे की बीते कुछ दिनों से शहर के अलग-अलग वार्डों में चोरी की वारदातें बढ़ती ही जा रही है। अज्ञात चोर लगातार शहर के सुने मकान दुकान और भवनों को दिन में रैकी कर रात्रि के समय चोरी की घटना को अंजाम दे रहे हैं। ऐसा नहीं है कि पुलिस चोरी का खुलासा नहीं कर रही है । कुछ चोरियों का पुलिस ने खुलासा भी किया है। किंतु जितनी चोरियां पकड़ी जाती है। उससे दो से तीन गुना चोरियां अज्ञात चोरों द्वारा पुनः कर ली जाती है। इन दिनों अज्ञात चोरों ने पुरानी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी वार्ड क्रमांक 25 को चोरी करने का अड्डा ही बना लिया है । यहां बीते कुछ दिनों से चोरों द्वारा लगातार चोरी की जा रही है। 10 दिनों के अंतराल में लगभग 5 से 6 सूने मकान से अज्ञात चोरों ने जेवरात के साथ लाखों रुपए की चोरी की घटना को अंजाम दिया है। इन हुई चोरियों के दौरान अज्ञात चोर साफ-साफ सीसीटीवी कैमरे में दिखाई दे रहे हैं । अज्ञात चोर बिना डरे ही वार्डों में आ रहे हैं। चोरी कर रहे हैं । सीसीटीवी कैमरे में उनका पूरा चोरी करता हुआ वीडियो भी कैद हुआ हैं । वार्डवासियों द्वारा चोरों का वीडियों भी सोशल मीडिया पर वायरल किया जा रहा है। 20 जुलाई की प्रातः तो वार्ड वासियों द्वारा वार्ड में अज्ञात चोरों को पकड़ने की कोशिश भी की गयी थी । किंतु अधिक भीड़ की आहट पाकर अज्ञात चोर कॉलोनी से फरार हो गए। कुछ वार्ड वासियों का मानना यह भी है कि अज्ञात चोरों द्वारा सुबह के समय 3:00 बजे से 5:00 बजे ही सुबह-सुबह चोरी की घटना को अंजाम दिया जाता हैं। इस प्रकार हो रही लगातार चोरी के कारण वार्ड वासियों में भय का माहौल बन गया है । पुलिस द्वारा की जाने वाली रात्रि गश्त पर भी वार्ड वासी सवाल उठा रहे हैं । उनका कहना है कि जब लगातार कॉलोनी में चोरियां हो रही है तो पुलिस रात्रि में गश्त कहां कर रही है । इन दिनों पुनः चोरी के मामले में एक बार फिर शहर में अज्ञात चोरों का बोलबाला शुरू हो गया है । इससे पहले भी एक बार दिन के समय लगातार हो रही चोरी के कारण बालाघाट शहर मुख्यालय चोरी के मामले में चर्चा में आ गया था । पुनः फिर एक बार लगातार अलग-अलग वार्डों में हो रही चोरी के कारण जिला मुख्यालय चोरी को लेकर चर्चाओं में बन गया है।
चोर लगातार वार्ड के सुनने मकान में चोरी कर रहे है – शिव
वार्डवासी शिव जायसवाल बताते हैं कि उनके वार्ड में लगातार अलग-अलग वार्ड वासियों के यहां एक दिन के अंतराल में चोरियां हो रही है। चोरियां कोई छोटी नहीं है। लाखों रुपए की चोरियों की वारदात वार्ड में हो रही है । अज्ञात चोर लगातार वार्ड के सुनने मकान को अपना निशाना बना रहे हैं। साथ ही उन्होंने पुलिस गश्त पर भी सवाल उठाए उन्होंने कहा कि प्रेम नगर एक रिहायसी क्षेत्र के अंतर्गत आता है । यहां चोरियां होना बहुत ही आश्चर्य की बात है । जबकि नगर पालिका अध्यक्ष द्वारा चुनाव के समय कहा गया था कि वह वार्ड में सीसीटीवी कैमरा लगवाएंगे। किंतु उनकी भी घोषणा पूरी नहीं हुई। उन्होंने मांग की है कि तत्काल अज्ञात चोरों को पकड़ कर चोरी की वारदात को खोलें।
लगातार चोरी के कारण वार्ड में भय का माहौल है – सागर
वार्डवासी सागर बताते हैं कि वह प्रेम नगर में रहते हैं । बीते दिनों से हो रही लगातार चोरी के कारण वार्ड में भय का माहौल है । वार्ड वासी अब डरने लगे हैं । कभी भी चोर तो नहीं आ जाएंगे और सभी वार्ड वासियों ने अपने घरों में सीसीटीवी कैमरा भी लगा रखा है। लेकिन चोर भी निडर होकर चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। सीसीटीवी कैमरे में भी अज्ञात चोर चोरी करते हुए दिख रहे हैं। उन्होंने पुलिस से मांग की है कि उनके क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाई जाए और जो वार्ड में अलग-अलग चोरियां हुई है उसे जल्द से जल्द ट्रेस किया जाए।
इन लोगों के यहां हुई चोरियां
वार्ड क्रमांक 25 पुरानी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में संदीप जैन ,कश्यप सोनी, आर.के वाघेला, बंटी बत्रा, सहित 5 से 6 वार्ड वासियों के घरों में अज्ञात चोरों ने अभी तक सुना मकान देखकर चोरी की घटना को अंजाम दिया है। इन सब अलग-अलग चोरियों की वारदात में लगभग लाखों रुपए की चोरी की घटना हुई है। जबकि आर.के वाघेला के घर में 2 लाख कैश सहित जेवरात को लेकर 5 लाख रूपये की चोरी की घटना घटी थी । वह अपनी बेटी की शादी की खरीदारी करने बाहर गए हुए थे। उस दौरान उनके घर पर चोरी हुई है । अभी तक चोरी का खुलासा भी नहीं हुआ है। जबकि सीसीटीवी कैमरे में चोर साफ चोरी करते हुए नजर आ रहे हैं।
वार्ड क्रमांक 4 में हुई 12 लाख की चोरी
शहर के वार्ड क्रमांक 4 की महिंद्रम कॉलोनी में शनिवार रात्रि अज्ञात चोरों ने लगभग 12 लाख रुपए की चोरी की घटना को अंजाम दिया है। वार्ड क्रमांक चार निवासी रविकांत पारधी अपने परिवार के साथ बाहर गए हुए थे। इस दौरान चोरों द्वारा सुना मकान देखकर रात्रि 2:00 बजे के बाद घर में रखे सोने ,चांदी के जेवरात के साथ कुछ कैश पर हाथ साफ करते हुए लगभग 12 लाख रुपए की चोरी की घटना को अंजाम दिया गया है।










































