‘बंगाल में लोकतंत्र नहीं, TMC का गुंडाराज चल रहा’, आसनसोल में कांग्रेस कार्यकर्ता की हत्या पर भड़के राहुल गांधी

0

नई दिल्ली: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पश्चिम बंगाल के आसनसोल में कांग्रेस कार्यकर्ता देबदीप चटर्जी की हत्या पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने राज्य की ममता बनर्जी सरकार पर करारा वार किया है। कांग्रेस सांसद ने तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर देबदीप की हत्या के आरोप लगाते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल में आज लोकतंत्र नहीं, टीएमसी का गुंडाराज चल रहा है। यही नहीं राहुल गांधी ने राज्य सरकार से कांग्रेस कार्यकर्ता के परिवार को पूर्ण सुरक्षा और मुआवजा देने की मांग भी उठाई है।

कांग्रेस कार्यकर्ता देबदीप की हत्या पर उठाए सवाल

राहुल गांधी ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, ‘कांग्रेस के कार्यकर्ता देबदीप चटर्जी की चुनाव बाद टीएमसी से जुड़े गुंडों की ओर की गई हत्या बेहद निंदनीय है। पश्चिम बंगाल में आज लोकतंत्र नहीं, टीएमसी का गुंडाराज चल रहा है। वोट के बाद विरोधी आवाजों को डराना, मारना, मिटाना, यही टीएमसी का चरित्र बन चुका है। कांग्रेस की राजनीति कभी हिंसा पर नहीं टिकी, और न कभी टिकेगी। हमने भी अपने कार्यकर्ता खोए हैं, फिर भी हमने हमेशा अहिंसा और संविधान का रास्ता चुना है। यही हमारी विरासत है, यही हमारा संकल्प।’

राहुल गांधी ने उठाई पीड़ित परिवार को सुरक्षा देने की मांग

इसके
साथ ही, राहुल गांधी ने जान गंवाने वाले कांग्रेस कार्यकर्ता के परिवार को
पूर्ण सुरक्षा के साथ ही मुआवजा देने की भी मांग उठाई। उन्होंने पोस्ट में
लिखा- मेरी मांग स्पष्ट है- सभी दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी हो, कठोरतम
सजा मिले और देबदीप के परिवार को पूर्ण सुरक्षा और मुआवजा सुनिश्चित किया
जाए। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पोस्ट में यह भी कहा कि भारत की अहिंसक परंपरा को कलंकित करने वाली इस राजनीति के सामने झुकेंगे नहीं। न्याय होकर रहेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here