जमीन विवाद में गवाही देने से नाराज होने का आरोप
मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
बालाघाट। जिला न्यायालय के समीप स्थित बार रूम में एक युवक के साथ बेरहमी से मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि जमीन विवाद में गवाही देने से नाराज अधिवक्ता कपिल सिहोरे ने युवक मोहित कावड़े के साथ मारपीट की और उसे जान से मारने की धमकी दी। घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल होने की भी जानकारी सामने आई है। युवक की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने अधिवक्ता के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार ग्राम लवेरी निवासी मोहित कावड़े 26 वर्तमान में पीजी कॉलेज बालाघाट में एलएलबी की पढ़ाई कर रहा है। बताया गया है कि 21 अगस्त की शाम करीब 4 बजे वह किसी काम से न्यायालय परिसर के समीप स्थित बार रूम गया था। इसी दौरान उसका सामना अधिवक्ता कपिल सिहोरे से हो गया।
गवाही देने को लेकर विवाद का आरोप
मोहित की रिपोर्ट के अनुसार कपिल सिहोरे ने उससे जमीन विवाद के मामले में गवाही देने को लेकर नाराजगी जताई और कथित तौर पर अश्लील गालियां देते हुए उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि बार रूम के अंदर हाथ-मुक्कों से मारपीट किए जाने से मोहित के चेहरे और पेट में चोटें आईं। इसके बाद उसे जान से खत्म करने की धमकी देने का भी आरोप है। मोहित के अनुसार बाथरूम से बाहर निकलने के बाद भी उसके साथ मारपीट की गई।बताया गया है कि बार रूम परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में घटना रिकॉर्ड हुई है। इसी घटना से संबंधित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने की बात भी सामने आई है।
पुराने जमीन विवाद से जुड़ा बताया जा रहा मामला
बताया जा रहा है कि कपिल सिहोरे और उनके बड़े पिता के परिवार के बीच ग्राम लवेरी में जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। इसी विवाद को लेकर 25 मई 2026 को ग्राम लवेरी में कपिल सिहोरे और उनकी मां लता सिहोरे द्वारा उनके बड़े पिता के बेटे जयेंद्र सिहोरे और उनकी मां पुष्पा सिहोरे के साथ कथित मारपीट और गाली-गलौज किए जाने का मामला दर्ज हुआ था।
जयेंद्र सिहोरे पिता खेमराज सिहोरे 30 वर्ष की शिकायत पर किरनापुर थाने में अपराध क्रमांक 178/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 296(बी), 115(2), 351(3) एवं 3(5) में मामला दर्ज किया गया था। शिकायत के मुताबिक घटना के समय मोहित कावड़े सहित अतुल अर्जुनवार, विक्की लिल्हारे और केलेश लिल्हारे मौके पर मौजूद थे। इन लोगों को मामले में गवाह बनाए जाने की जानकारी है।
मोहित की रिपोर्ट पर कोतवाली में अपराध दर्ज
घटना के बाद मोहित कावड़े सीधे कोतवाली थाने पहुंचा। पुलिस ने उसका जिला अस्पताल बालाघाट में उपचार एवं मुलाहिजा कराया। उसकी शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने अधिवक्ता कपिल सिहोरे के विरुद्ध अपराध क्रमांक 570/2026 दर्ज किया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 296(बी) और 351(3) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना की जा रही है।कोतवाली पुलिस अब घटना के सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। मामले में सामने आए आरोपों और वायरल वीडियो की भी जांच विवेचना के दौरान की जाएगी।










































