पदमेश न्यूज़,बालाघाट। भारतीय जनता पार्टी झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ की जिला कार्यकर्ता संवाद बैठक बुधवार 3 जून को पंडित दीनदयाल उपाध्याय जिला भाजपा कार्यालय बालाघाट में आयोजित की गई। बैठक में संगठन विस्तार,बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने तथा केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।कार्यक्रम का शुभारंभ पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर किया गया।इसके पश्चात अतिथियों ने कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने और बूथ स्तर पर पार्टी को और अधिक सशक्त बनाने का संदेश दिया।बैठक के दौरान संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने, सरकार की योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी चर्चा की गई। अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने संगठन की मजबूती और जनसेवा के कार्यों को और अधिक गति देने का संकल्प लिया।बैठक में मुख्य अतिथि भाजपा झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ के जिला संयोजक अजय कुमार सुखदेवे, भाजपा जिला महामंत्री संजय मिश्रा, जिला उपाध्यक्ष जितेंद्र मोहरे, भाजपा नेता डॉ. वेद प्रकाश लिल्हारे सहित जिला एवं मंडल स्तर के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
संगठन विस्तार, जनसंपर्क और सेवा कार्यों को दे प्राथमिकता-संजय मिश्रा
बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा जिला महामंत्री संजय मिश्रा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद के सिद्धांतों पर कार्य कर रही है। पार्टी का उद्देश्य समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर सक्रिय रहकर संगठन विस्तार, जनसंपर्क और सेवा कार्यों को प्राथमिकता देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन ही भाजपा की सबसे बड़ी शक्ति है और कार्यकर्ताओं की मेहनत से ही पार्टी लगातार नए आयाम स्थापित कर रही है।
बूथ स्तर से संगठन को करे मजबूत- सुखदेवे
भाजपा झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ के जिला संयोजक अजय कुमार सुखदेवे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा अनेक जनहितैषी एवं कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं का लाभ गरीब, किसान, महिला, युवा एवं जरूरतमंद वर्ग तक प्रभावी रूप से पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा की नीतियों और सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए संगठन का मजबूत होना अत्यंत आवश्यक है। श्री सुखदेवे ने कहा कि भाजपा का वास्तविक आधार उसके बूथ कार्यकर्ता हैं, जो जमीनी स्तर पर जनता के बीच रहकर संगठन और सरकार के बीच सेतु का कार्य करते हैं। उन्होंने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत एवं सक्रिय बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता पार्टी की विचारधारा और जनकल्याणकारी योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाए। उन्होंने कहा कि संगठन विस्तार, नियमित जनसंपर्क और सेवा कार्यों के माध्यम से भाजपा को और अधिक सशक्त बनाया जाएगा।
प्रत्येक पात्र व्यक्ति को दिलाए योजनाओं का लाभ- लिल्हारे
भाजपा नेता डॉ. वेद प्रकाश लिल्हारे ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में विकास और सुशासन का नया अध्याय लिखा गया है। केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंच रहा है, जिससे गरीबों, किसानों, महिलाओं और युवाओं के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार भी विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रही है तथा प्रदेश को आत्मनिर्भर और समृद्ध बनाने की दिशा में निरंतर प्रयासरत है।










































