भोपाल। ऐशबाग क्षेत्र में निर्माणाधीन सार्वजनिक शौचालय को लेकर रेलवे और नगर निगम आमने-सामने आ गए हैं। नगर निगम ने रेलवे पर निगम की जमीन पर कब्जा करने का आरोप लगाते हुए सीमा दीवार हटाने को कहा है। निगम प्रशासन ने रेलवे को पत्र भेजकर चेतावनी दी है कि यदि दीवार नहीं हटाई गई तो नगर निगम इसको लेकर कार्रवाई करेगा। इसको लेकर नवदुनिया सात मई के अंक में निगम ने बिना जमीन जांचे बनाया शौचालय, रेलवे ने खड़ी कर दी दीवार शीर्षक के साथ समाचार भी प्रकाशित किया था।नगर निगम ने रेलवे को लिखा पत्र
इसके बाद अब नगर निगम ने जमीन को लेकर रेलवे को पत्र लिखा है। ऐशबाग क्षेत्र स्थित बाग उमराव दूल्हा में नगर निगम द्वारा स्वच्छ भारत मिशन के तहत सार्वजनिक शौचालय का निर्माण कराया जा रहा है। करीब पांच लाख रुपए की लागत से बनने वाले इस शौचालय के सामने रेलवे ने यह बताते हुए दीवार खड़ी कर दी है कि वह जमीन रेलवे की है। दीवार खड़ी होने से शौचालय तक जाने का रास्ता बंद हो गया है। इसको लेकर रेलवे ने दावा किया था कि उसकी जमीन पर नगर निगम ने बिना अनुमति के शौचालय का निर्माण किया है।










































