दुनिया में शायद ही कोई ऐसा क्षेत्र हो जहां आज महिलाएं पुरुष के साथ कदम से कदम मिलाकर न चल रही हों, मगर एक्ट्रेस रुबीना दिलैक का मानना है कि महिलाओं के साथ भेदभाव बरकरार है। रुबीना ने मां बनने के बाद एक्ट्रेसेस को काम न मिलने की वजह पर खुलकर बात की।
उन्होंने कहा कि एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में पुरानी सोच अभी भी बनी हुई है, जिसकी वजह से नई माओं को प्रोजेक्ट्स से बाहर रखा जाता है। रुबीना दिलैक ने आईएएनएस के साथ बातचीत में बताया कि मेकर्स को लगता है कि जिस एक्ट्रेस ने हाल ही में बच्चे को जन्म दिया है, उसमें अब पहले जितना स्टैमिना, जुनून और मेहनत करने की क्षमता नहीं रही। वे सोचते हैं कि ऐसा होने से प्रोजेक्ट को नुकसान हो सकता है।
’62 प्रतिशत महिलाएं प्रेग्नेंसी के बाद काम पर वापस नहीं लौट पातीं’
रुबीना ने कहा, ‘स्टडीज बताती हैं कि 62 प्रतिशत महिलाएं प्रेग्नेंसी के बाद काम पर वापस नहीं लौट पातीं क्योंकि समाज उन्हें स्वीकार नहीं करता। इंडस्ट्री भी उन्हें कमजोर समझती है। मेकर्स की सोच होती है कि अब उनके अंदर स्टैमिना नहीं बचा। आगे बढ़ने की चाहत नहीं रही, इसलिए वे खुद को साबित नहीं कर पाएंगी। ऐसे में उन्हें प्रोजेक्ट में रखना नुकसानदायक होगा।’










































