बालाघाट/
नगर के मोती नगर चौक में रविवार शाम लगभग 7 बजे वाहन चेकिंग के दौरान एक गंभीर हादसा हो गया। यातायात ड्यूटी पर तैनात सब इंस्पेक्टर राम भजन साहू तेज रफ्तार मोटरसाइकिल की चपेट में आकर घायल हो गए। हादसा इतना भयावह था कि मोटरसाइकिल चालक उन्हें कुछ दूरी तक घसीटते हुए ले गया। घायल अवस्था में उन्हें तत्काल जिला अस्पताल बालाघाट में भर्ती कराया गया।जहां उनका उपचार जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 7 जून की शाम 7:00 बजे करीब सब इंस्पेक्टर राम भजन साहू अपने स्टाफ के साथ मोती नगर चौक में नियमित वाहन चेकिंग अभियान चला रहे थे। इसी दौरान मोतीतालाब के नीचे वाली सड़क की ओर से एक मोटरसाइकिल तेज गति से चौक की तरफ आती दिखाई दी। उसी समय एक महिला सड़क पार कर रही थी। महिला की सुरक्षा को देखते हुए सब इंस्पेक्टर राम भजन साहू ने मोटरसाइकिल चालक को रोकने के लिए हाथ देकर इशारा किया और सीटी बजाई। बताया जा रहा है कि जिस हाथ से वे मोटरसाइकिल रोकने का प्रयास कर रहे थे।उसी हाथ में उनका मेनपैक सेट भी था।
लेकिन तेज रफ्तार मोटरसाइकिल चालक ने वाहन रोकने के बजाय सीधे सब इंस्पेक्टर को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही सब इंस्पेक्टर राम भजन साहू का हाथ मोटरसाइकिल के हैंडल में फंस गया।जिसके कारण वे मोटरसाइकिल के साथ सड़क पर घसीटते चले गए। इस हादसे में उनके दोनों पैरों के घुटनों और हाथ में गंभीर चोटें आई हैं।
घटना को देखकर मौके पर मौजूद अन्य पुलिसकर्मी तुरंत उनकी ओर दौड़े, लेकिन तब तक मोटरसाइकिल चालक सब इंस्पेक्टर राम भजन साहू का मेनपैक सेट लेकर मौके से फरार हो चुका था। घायल सब इंस्पेक्टर राम भजन साहू को तत्काल यातायात पुलिस के वाहन से जिला अस्पताल बालाघाट पहुंचाया गया। जहां उनका इलाज जारी है।
घटना के बाद यातायात पुलिस और कोतवाली पुलिस ने फरार मोटरसाइकिल चालक की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। ताकि मोटरसाइकिल चालक की पहचान कर जल्द से जल्द उसे गिरफ्तार किया जा सके।इस घटना के बाद शहर में तेज रफ्तार वाहनों और लापरवाह ड्राइविंग को लेकर लोगों में चिंता का माहौल है। वहीं पुलिस विभाग में भी इस घटना को लेकर गंभीरता देखी जा रही है।










































