लालबर्रा-सिवनी मार्ग पर कंजई मोड़ाई घाट के पास घटी घटना, बालाघाट से पचमढ़ी जा रहे थे कार सवार युवक
घायलों को लालबर्रा अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद किया गया जिला चिकित्सालय
पद्मेश न्यूज। लालबर्रा। लालबर्रा-सिवनी मार्ग स्थित कंजई मोड़ाई के पास शुक्रवार दोपहर करीब ३.३० बजे एक भीषण सडक़ हादसा हो गया। सिवनी की ओर से आ रही अनियंत्रित यात्री बस ने लालबर्रा की तरफ से आ रही कार को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। भिड़ंत इतनी तेज थी कि बस कार को लगभग १० फीट तक पीछे घसीटते हुए ले गई। हादसे में कार सवार सभी ५ युवक घायल हो गये, जिनमें से ३ की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। जिनका लालबर्रा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में प्राथमिक उपचार कर सभी घायलों को बेहतर उपचार के लिए जिला चिकित्सालय रिफर किया गया है।
पचमढ़ी भ्रमण पर जा रहे थे युवक
प्राप्त जानकारी के अनुसार बालाघाट निवासी राहुल बरेले अपने चार अन्य साथियों के साथ शुक्रवार को दोपहर में कार से पचमढ़ी घूमने के लिए निकले थे। जैसे ही उनकी कार कंजई के आगे स्थित घाट मोड़ाई के समीप पहुंची, तभी सामने (सिवनी की ओर) से आ रही निजी यात्री बस के चालक ने तेज रफ्तार व लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए कार को सामने से टक्कर मार दी। जिससे कार में सवार युवक घायल हो गये। वहीं यात्री बस की टक्कर से कार का सामने का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रगस्त हो चुका है। घटना के बाद चीख-पुकार सुनकर मार्ग से गुजर लोग एकत्रित हुए और पुलिस को घटना की जानकारी दिये। साथ ही कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला गया। जिसके बाद सभी घायलों को लालबर्रा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र लाकर भर्ती किया गया जहां सभी का प्राथमिक उपचार कर बेहतर उपचार के लिए जिला चिकित्सालय रिफर किया गया है। इस दुर्घटना में बस का सामने का हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हुआ है। हालांकि बस में सवार सभी यात्री बाल-बाल बच गये। वहीं यह सडक़ हादसा मोड़ाई मेें घटित हुआ है, जिस ओर से कार गुजर रही थी उस साइड में गहरी खाई है। अगर बस से टक्कर होने के बाद अगर कार अनियंत्रित होकर पलट कर खाई में जाती तो बहुत बड़ा हादसा घटित हो सकता था। वहीं घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके में पहुंची और बस एवं कार सडक़ के बीच में फंस जाने से यातायात बाधित हो गया था, जिसे पुलिस ने यातायात बहाल करवाया। वहीं पुलिस इस मामले की जांच में जुट गई है।










































