राजू पाल हत्याकांड में योगी का विपक्ष पर हमला:कहा- अपराधी को सांसद बनाओ फिर तमाशा करो, हम ऐसे माफिया को मिट्टी में मिला देंगे

0

प्रयागराज में राजू पाल हत्याकांड के गवाह उमेश पाल और गनर की हत्या पर सीएम योगी ने सदन में जवाब दिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, “हम माफियाओं के खिलाफ हैं, उन्हें मिट्टी में मिला देंगे।” उन्होंने कहा कि सपा ने ही अतीक अहमद को प्रश्रय दिया है। हम किसी भी माफिया को नहीं छोड़ेंगे। अपराधी को सांसद बनाओ फिर तमाशा करो। मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा माफियाओं की पोषक है। राजू पाल हत्याकांड में अतीक अहमद दोषी है, उसे सपा ने विधायक बनाकर प्रश्रय दिया।

अखिलेश यादव की तरफ इशारा करते हुए योगी ने कहा कि आप खुद माफियाओं का पोषण कर रहे हैं। इस पर अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी की भाषा पर सवाल उठाए। इस पर सदन में कुछ देर के लिए हंगामा हो गया। हालांकि, विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के दखल के बाद सदन की कार्यवाही फिर से चलने लगी।

माफिया अतीक, पत्नी शाइस्ता और दोनों बेटों के खिलाफ FIR दर्ज

बसपा विधायक राजू पाल हत्याकांड के मुख्य गवाह उमेश पाल और गनर की हत्या के मामले में पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है। उमेश पाल की पत्नी जया पाल ने अतीक अहमद के साथ ही अतीक के भाई, पत्नी शाइस्ता परवीन, अतीक अहमद के दो बेटों और अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।

प्रयागराज पुलिस ने अतीक अहमद के दोनों बेटों के साथ करीब सात संदिग्धों को हिरासत में लिया है। शाइस्ता से भी पूछताछ हुई है। पुलिस ने उमेश पाल के कोर्ट से लेकर उसके घर तक के पूरे रास्ते के CCTV फुटेज खंगाले हैं।

बीजेपी नेता को पुलिस ने उठाया, ड्राइवर से पूछताछ

STF ने उमेश पाल हत्याकांड में बीजेपी अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष राहिल हसन को रसूलाबाद निवास से सवा दस बजे उठाया है। गोपनीय तरीके से पूछताछ की जा रही है। पुलिस उमेश के ड्राइवर प्रदीप शर्मा की भूमिका को भी संदिग्ध मान रही है। देर रात से ही पुलिस प्रदीप से पूछताछ में जुटी है। साथ ही कॉल डिटेल भी निकलवाया जा रहा है। घटना के बाद प्रदीप गाड़ी छोड़कर फरार हो गया था।

पुलिस ने बताया कि हमलावर उमेश पाल की कार का लगातार पीछा करते आ रहे थे। हमलावर बैग में बम रखकर आए थे। उमेश पाल का पीछा करने के लिए हमलावरों ने कार और बाइक का इस्तेमाल किया था।

पूर्वांचल के शूटरों पर हमले का शक

CCTV फुटेज खंगालने के बाद सामने आया है कि एक बदमाश झोले से बम निकालकर मारते दिख रहा है। हमले में पूर्वांचल के शूटरों का हाथ होने का शक है। यही वजह है कि हमलावरों को पकड़ने के लिए स्पेशल टॉस्क फोर्स में प्रयागराज, लखनऊ, गोरखपुर और वाराणसी की टीमें लगाई गई हैं। उमेश पाल के घर पर भी हमले के बाद पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है। शनिवार दोपहर उमेश पाल का दाह संस्कार कराया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here