रायसेन में भाई बना भाई का दुश्मन, परिवार के सामने ही छोटे को चाकू मारा, अस्पताल में मौत और दो भतीजे भी घायल

0

रायसेन: मध्य प्रदेश के रायसेन जिले के गौहरगंज थाना क्षेत्र के नगरी गांव में मंगलवार को एक दिल दहला देने वाली घटना घटी थी। जमीन के मालिकाना हक को लेकर दो भाइयों में विवाद हुआ। इसके बाद बड़े भाई ने अपने ही छोटे भाई की चाकू घोंपकर हत्या कर दी। मृतक के दो बेटे भी इसमें घायल हुए हैं, जिनका इलाक चल रहा है।

खेत को लेकर विवाद

रायसेन पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक विष्णु प्रसाद सेन (61) अपने दो बेटों, अखिलेश और अजय के साथ अपने खेत पर पहुंचे थे। वहां उनके बड़े भाई नारायण सेन पहले से मौजूद थे। खेत की जुताई कर रहे थे। जब विष्णु प्रसाद ने बुआई करने का विरोध किया तो दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते यह विवाद मारपीट में बदल गया और आरोपी पक्ष ने धारदार हथियारों और चाकुओं से हमला कर दिया।

चाकू से कर दिया वार

हमले के दौरान मुख्य आरोपी नारायण सेन ने विष्णु प्रसाद की पीठ में रीढ़ के पास चाकू से वार किया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से स्थिति नाजुक होने के कारण उन्हें भोपाल एम्स रेफर कर दिया गया। दुर्भाग्यवश, इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। आरोपियों ने मृतक के बेटों को भी बनाया निशाना ।

दोनों बेटे भी घायल

खूनी संघर्ष में विष्णु प्रसाद के दोनों बेटे, अखिलेश और अजय, अपने पिता को बचाने के लिए बीच-बचाव करने आए, लेकिन हमलावरों ने उन्हें भी नहीं बख्शा। अखिलेश के गले पर और अजय के कंधे पर चाकू से गहरे वार किए गए। दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

घटना का वीडियो भी आया सामने

घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें खेत में दोनों पक्षों के बीच हाथापाई और अफरा-तफरी साफ देखी जा सकती है। वीडियो में लोग आरोपियों को चाकू छोड़ने के लिए चिल्लाते हुए सुनाई दे रहे हैं, जबकि घायल युवक खून से लथपथ हालत में दिखाई दे रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here