नशे से दूरी है जरूरी 2.0 अभियान

0

उकवा स्कूल में पुलिस ने दिलाई नशा मुक्ति की शपथ

साइबर सुरक्षा और यातायात नियमों पर किया जागरूक

बालाघाट/

पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार जिले में संचालित नशे से दूरी है जरूरी 2.0अभियान के तहत रुपझर थाना अंतर्गत पुलिस चौकी उकवा के पुलिसकर्मियों के द्वारा शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल उकवा में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं, समस्त शैक्षणिक स्टाफ तथा बड़ी संख्या में छात्र।छात्राएं उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत नशा मुक्ति शपथ के साथ हुई। चौकी उकवा पुलिस ने विद्यालय परिवार एवं विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने स्वयं जागरूक बनने तथा समाज को भी नशामुक्त बनाने का संकल्प दिलाया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही प्रभावित नहीं करता, बल्कि परिवार, समाज और भविष्य को भी नुकसान पहुंचाता है। विशेष रूप से युवाओं को नशे की लत से बचने और अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करने की प्रेरणा दी गई।इस अवसर पर पुलिस द्वारा विद्यार्थियों को विभिन्न प्रकार के नशीले पदार्थों के दुष्प्रभाव, उनसे होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक नुकसान तथा नशे से जुड़े अपराधों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही यह भी बताया गया कि यदि किसी क्षेत्र में नशीले पदार्थों का अवैध कारोबार या सेवन होता दिखाई दे तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें।कार्यक्रम के दौरान सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों पर भी विशेष जागरूकता दी गई। विद्यार्थियों को हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करने, नाबालिगों द्वारा वाहन नहीं चलाने तथा यातायात संकेतों का पालन करने के संबंध में विस्तार से समझाइश दी गई।इसके अलावा बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए विद्यार्थियों को साइबर फ्रॉड से बचाव के महत्वपूर्ण उपाय बताए गए। पुलिस ने ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, ओटीपी, बैंक खाते की गोपनीय जानकारी साझा न करने, सोशल मीडिया पर सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध लिंक या संदेश पर क्लिक नहीं करने की सलाह दी। साथ ही साइबर अपराध होने पर तत्काल संबंधित हेल्पलाइन एवं पुलिस से संपर्क करने की जानकारी भी दी गई।विद्यालय में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम के बाद चौकी उकवा पुलिस स्टाफ ने छात्र-छात्राओं एवं विद्यालय परिवार के साथ उकवा बाजार क्षेत्र में पैदल जनजागरूकता रैली निकाली। रैली के माध्यम से आम नागरिकों को नशे से दूर रहने, सुरक्षित यातायात अपनाने तथा साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने का संदेश दिया गया। रैली के दौरान लोगों से नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करने और युवाओं को सकारात्मक दिशा देने की अपील भी की गई।रूपझर थाना प्रभारी कामेश धूमकेती ने बताया कि नशे से दूरी है जरूरी 2.0 अभियान का उद्देश्य समाज में नशे के प्रति जागरूकता बढ़ाना, युवाओं को नशे की लत से बचाना तथा जनसहभागिता के माध्यम से नशामुक्त, सुरक्षित और जागरूक समाज का निर्माण करना है। ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आगे भी लगातार आयोजित किए जाएंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here