अयोध्या में 22 जनवरी को होने वाले भगवान श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का उत्साह देशभर के कोने-कोने में है। इस उत्साह और उमंग से बालाघाट भी अछूता नहीं है। रविवार को सर्किट हाउस में राष्ट्रीय विचार मंच ने पत्रकारवार्ता लेकर 22 जनवरी के एेतिहासिक दिन को बालाघाट में दीवाली के रूप में मनाने तथा इससे जुड़े आयोजनों को लेकर जानकारी दी। राष्ट्रीय विचार मंच के संरक्षक रमेश रंगलानी ने बताया कि यह स्वर्णिम अवसर है, जब भगवान श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा होगी। 500 वर्षों से लंबे संघर्ष और तपस्या के बाद यह पल आया है। इस अनमोल पल को यादगार और भव्य बनाने के लिए राष्ट्रीय विचार मंच के साथ शहर के अन्य सामाजिक संस्थाओं व समुदाय भी इस आयोजन में शामिल होंगे। इस गैर राजनीतिक कार्यक्रम में शहर व जिले का कोई भी व्यक्ति शामिल हाे सकता है। श्री रंगलानी ने बताया कि 22 जनवरी को देशभर में दीवाली मनाई जाएगी। इसका उमंग बालाघाट में भी देखने मिलेगा। इसके लिए आंबेडकर चौक से हनुमान चौक तक जाने वाले मार्ग में नया राम मंदिर वाले एक छोर पर एक साथ एक लाख 11 हजार 111 दीये प्रज्जवलित किए जाएंगे। इसके लिए ग्राम लिंगा के 15 कुम्हार परिवारों को दीये बनाने का काम दिया गया है। खास बात है कि एक लाख से अधिक दीये मशीन या सांचे से नहीं बल्कि हाथों से बनाए जा रहे हैं।
हर समुदाय लेगा हिस्सा – रमेश रंगलानी
दीप प्रज्जवलन कार्यक्रम में बड़ों के साथ कक्षा ग्यारवीं से बारहवीं तक के बड़े बच्चे तथा कालेज छात्र-छात्राएं भी शामिल होंगे। इसके अलावा सड़क के इसी छोर पर अयोध्या, भगवान राम, शक्ति और भक्ति से जुड़े प्रतीक चिन्ह आदि बनाए जाएंगे। श्री रंगलानी ने बताया कि भगवान श्रीराम को न सिर्फ हिंदू समुदाय बल्कि सभी समुदाय के लोग मानते हैं। यही वजह है कि 22 जनवरी को होने वाला प्राण प्रतिष्ठा का 87 देशों में लाइव टेलीकास्ट दिखाया जाएगा। वही इस संबंध में राष्ट्रीय विचार मंच ने जिला कलेक्टर से भी चर्चा की है, जिन्होंने आयोजन में प्रशासनिक सहयोग देने की बात कही है।
शहर के सभी समाज के लोगों को आमंत्रित किया गया है – लता एलकर
संयोजक लता एलकर ने बताया कि आज सोमवार को होटल शीतल पैलेस में 22 जनवरी को होने वाले कार्यक्रम को लेकर बैठक होगी, जिसमें शहर के सभी समाज के लोगों को आमंत्रित किया गया है। बैठक में 22 जनवरी को होने वाले कार्यक्रम को अौर भव्यता देने के संबंध में अन्य कार्ययोजना बनाई जाएगी।
यातायात रहेगा परिवर्तित, नपा संभालेगी व्यवस्थाएं – भारती ठाकुर
पत्रकारवार्ता में बताया गया कि दीप प्रज्जवलन कार्यक्रम के दौरान हनुमान चौक से आंबेडकर चौक की तरफ आने तथा जाने वाला यातायात परिवर्तित किया जाएगा। इस मार्ग पर पड़ने वाली गलियों से होते हुए लोग अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे। इसके अलावा इस मार्ग की साफ-सफाई, फायर ब्रिगेड सहित अन्य व्यवस्थाएं नगर पालिका संभालेगी। इस रोड पर बने डिवाइडरों की भी सफाई की जाएगी, जहां ध्वज लगाने की योजना है। इसके अलावा शाम के वक्त भव्य आतिशबाजी की जाएगी।
वार्ता में ये लोग रहे मौजूद –
इस मौके पर राष्ट्रीय विचार मंच से अभय सेठिया, डा. बीएम शरणागत, नपाध्यक्ष भारती ठाकुर, पार्षद भारती पारधी, अशोक सागर मिश्र, अमर सिंह, महेश खजांची,अभय कोचर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।








































