भोपाल। भोपाल के सबसे हाई-प्रोफाइल और चर्चित मामलों में से एक, मॉडल व एक्ट्रेस त्विषा शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत की जांच में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने अपनी रफ्तार दोगुनी कर दी है।
रिमांड के दौरान मां और बेटे से शुरुआती पूछताछ में अधिकांश सवाल पर चुप्पी साधे हैं, जिन सवालों के जवाब अभी तक दिए गए हैं, उनमें विरोधाभास मिल रहा है। इसके लिए शनिवार को सीबीआई बागमुगालिया स्थित आरोपियों के घर ले जाकर आमने-सामने बैठाकर विस्तृत पूछताछ करेगी।
कोर्ट से 5 दिन की रिमांड मिलने के बाद जांच एजेंसी अब साक्ष्यों की कड़ियों को वैज्ञानिक तरीके से जोड़ने में जुट गई है।
शुरुआत से ही यह पूरा मामला प्रदेश के सियासी और सामाजिक गलियारों में गूंजता रहा है, जिसमें मृतका के ससुराल पक्ष पर गंभीर दहेज प्रताड़ना, मानसिक प्रताड़ना और संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु (हत्या या उकसाने) के संगीन आरोप लगाए गए हैं। केस की गंभीरता और पूर्व जज के रसूख को देखते हुए ही इसकी कमान सीबीआई को सौंपी गई थी।










































