हिमाचल प्रदेश में राज्यसभा की एक सीट पर हुए चुनाव ने कांग्रेस की मुश्किलें बढ़ा दी। यहां बहुमत होने के बाद भी पार्टी अपने प्रत्याशी को नहीं जीता सकी। उल्टा अब प्रदेश में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली सरकार भी संकट में आ गई है। इस बीच, बुधवार का दिन अहम होने जा रहा है। आज हिमाचल विधानसभा में बजट पारित होना है। इस दौरान वोटिंग की नौबत आई और बागी विधायकों ने सरकार के खिलाफ वोट किया, तो सरकार अल्पमत में आ जाएगी। इस स्थिति में प्रदेश में राष्ट्रपति शासन भी लगाया जा सकता है।









































