रेलवे द्वारा जनशताब्दी एक्सप्रेस में तैयार किए गए सबसे आधुनिक और सुविधाजनक विस्टाडोम टूरिस्ट कोच लगाया गया। इस कोच में रानी कमलापति स्टेशन से जबलपुर तक का सफर करने वाले यात्रियों ने कहा कि पहली बार भोपाल से जबलपुर का सफर इतना सुहाना और यादगार रहा। सफर के दौरान कोच में बैठकर ही पहाड़, नदी, झरने और पटरियों की आस-पास फैली हरियाली को देख ऐसा लग रहा था मानो मुंबई से गोवा का सफर कर रहे हों। इस स्पेशल कोच में सफर करने वाले यात्रियों को जबलपुर स्टेशन के प्लेटफार्म चार पर भव्य स्वागत किया गया। कोच से कमलापति से जबलपुर स्टेशन पर उतरे यात्री आयुष गोगिया ने बताया कि पहले भी इस रूट का सफर किया, लेकिन पहली बार विस्टाडोम कोच में सफर कर यादगार सफर बन गया। हम मैं अपने परिवार के साथ भी इस कोच में दोबारा सफर करना चाहूंगा। रानीकमलापति स्टेशन से जनशताब्दी एक्सप्रेस शाम 5 बजे जबलपुर के लिए रवाना हुई। जबलपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म 4-5 पर ट्रेन के इस स्पेशल कोच में आए यात्रियों को भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान कलेक्टर इलैयाराजा टी, जबलपुर रेल मंडल के सीनियर डीसीएम विश्वरंजन ने कोच में बैठक इसका अनुभव लिया। इससे पहले कोच से उतरे यात्री का इन्होंने स्वागत भी किया। इस दौरान जेएटीसीसी के सीईओ हेमंत सिंह, पर्यटन विभाग के क्षेत्रीय प्रबंधक एल पटेन, कल्चुरी रेसीडेंसी के जीएम आलोक सक्सेना, स्टेशन प्रबंधक मृत्युंजय के साथ आला अधिकारी मौजूद रहे। वहीं इस स्वागत कार्यक्रम में विधायक आशोक रोहाणी समेत कई जनप्रतिनिधियों को पहुंचना था, लेकिन वे नहीं आए। इस कोच में बड़े ग्लास की खिड़कियां हैं, इसमें ग्लास रूफ टॉप, एलईडी डिस्प्ले, रोटेटिंग सीट, स्नैक्स टेबल, पुशबैक कुर्सी, बायो टॉयलेट, ऑटोमेटिक फायर अलार्म सिस्टम, पब्लिक एड्रेस कम पैसेंजर इन्फर्मेशन सिस्टम, मोबाइल चार्जिंग पॉइंट के साथ माइक्रोवेव ओवन, कॉफी मेकर और रेफ्रिजरेटर के साथ एक मिनी पेंट्री कार की सुविधा भी है। इसमें सीसीटीवी कैमरे भी लगे हैं, जिससे संदिग्ध यात्रियों पर नजर रखेगा। इस कोच में रानी कमलापति स्टेशन से होशंगाबाद तक 42 यात्रियों ने सफर किया। वहीं रानी कमलापति से इटारसी तक 2, होशंगाबाद से पिपरिया तक 25 और होशंगाबाद से जबलपुर तक 1 यात्री सहित कुल 70 यात्रियों नें यात्रा की। हालांकि कोच में यात्रियों के लिए कुल 44 सीटें हैं। ये सीटें आरामदायक होने के साथ 180 डिग्री तक घूमती भी हैं, जिससे विंडो के सामने बैठकर नजारों को और नजदिक से देखा जा सकता है। गाड़ी संख्या 12062 जबलपुर-रानी कमलापति जनशताब्दी एक्सप्रेस में जबलपुर स्टेशन से बुधवार सुबह साढ़े पांच बजे रानीकमलापति स्टेशन के लिए रवाना हुई। इस ट्रेन में लगे विस्टाडोम कोच का किराया जबलपुर से रानी कमलापति स्टेशन तक 1390 रुपये है। इस कोच में सफर करने वाले यात्री आरक्षण केंद्र और आइआरसीटीसी एप से आनलाइन टिकट बुक करा सकते है। ट्रेन के रूट और समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है।









































