नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वैश्विक आर्थिक संकट और बढ़ती जंग की आशंकाओं को लेकर दुनिया को बड़ी चेतावनी दी है। नीदरलैंड के हेग में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि दुनिया इस समय लगातार बढ़ते संकटों से जूझ रही है और अगर हालात जल्द नहीं बदले तो पिछले कई दशकों में गरीबी के खिलाफ हासिल की गई उपलब्धियां मिट सकती हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी, युद्ध और ऊर्जा संकट ने दुनिया को ‘आपदाओं के दशक’ की ओर धकेल दिया है।
‘कोरोना के बाद युद्ध, अब ऊर्जा संकट’
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पहले कोरोना वायरस महामारी आई, फिर अलग-अलग क्षेत्रों में युद्ध शुरू हो गए और अब दुनिया ऊर्जा संकट का सामना कर रही है। उन्होंने खासतौर पर पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और ईरान पर अमेरिका-इजरायल के हमलों के बाद बने हालात का जिक्र किया। पीएम मोदी ने कहा कि अगर इन संकटों पर जल्द काबू नहीं पाया गया तो दुनिया की बड़ी आबादी दोबारा गरीबी और आर्थिक अस्थिरता की चपेट में आ सकती है।










































