सरपंच से अभद्रता मामले में सरपंच संघ नाराज

0

खैरलांजी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम भोरगढ़ में सरपंच से अभद्रता किए जाने का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है।जहां मामले पर अपनी नाराजगी जताते हुए सरपंच संघ ने खैरलांजी थाना प्रभारी पर वैधानिक कार्यवाही कर कड़ी सजा दिलाए जाने की मांग की है।जहां सरपंच संघ ने खैरलांजी थाना प्रभारी पर आपराधिक मामला दर्ज करने की मांग को लेकर 25 जून मंगलवार को खैरलांजी थाना में लिखित आवेदन, प्रभारी खैरलांजी थाना प्रभारी सौंपा है। जिसमें उन्होंने इस मामले में तत्कालीन खैरलांजी थाना प्रभारी पर भी आपराधिक प्रकरण दर्ज कर उन पर वैधानिक कार्यवाही किए जाने की मांग की है। उक्त मांग को लेकर थाना खैरलांजी पहुंचे पदाधिकारी में सरपंच संघ जिला अध्यक्ष वैभव बिसेन, ब्लॉक अध्यक्ष पुष्पेंद्र देशमुख, सरपंच संघ विधि सलाहकार आनंद बिसेन, पीड़ित सरपंच देवेंद्र बारेवार सहित जिले से पहुंचे सरपंच साथी बड़ी संख्या में प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

क्या है पूरा मामला
आपको बताए कि भौरगढ़ पंचायत से रेत के अवैध उत्खनन की भारी मशीनरियों के गांव से गुजरने के कारण क्षतिग्रस्त हो रही सड़कों को लेकर सरपंच देवेन्द्र बारेवार ने पिछले दिनों पंचायत के ग्रामीणों के साथ मिलकर चक्काजाम किया था। जिस दौरान खैरलांजी थाना प्रभारी सुनील चतुर्वेदी और सरपंच देवेन्द्र बारेवार के बीच हॉटटॉक हुई थी। जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ था। बताया जा रहा है कि इस वीडियो में तत्कालीन खैरलांजी थाना प्रभारी का सरपंच को लेकर कहे गए शब्द, तेरे माथे पर नहीं लिखा है कि तु सरपंच है, जैसी भाषा और अव्यवहार को लेकर सरपंच संघ ने नाराजगी जाहिर करते हुए कार्यवाही नहीं होने पर पंचायतो में तालाबंदी की चेतावनी दी थी। हालांकि इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने थाना प्रभारी सुनील चतुर्वेदी को लाईन अटैच कर दिया था, लेकिन अब सरपंच संघ उनके खिलाफ अपराधिक प्रकरण दर्ज करने की मांग कर रहा है और इसी को लेकर सरपंचो ने खैरलांजी थाना में 25 जून को लिखित शिकायत दी है। जहां भोरगढ़ सरपंच के साथ की गई अभद्रता वाले इसी मामले में सरपंच संघ ने तत्कालीन थाना प्रभारी सुनील चतुर्वेदी पर भी आपराधिक प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्यवाही किए जाने की मांग की है।

थाना प्रभारी पर दर्ज किया जाए अपराधिक प्रकरण -वैभव
ज्ञापन को लेकर की गई चर्चा के दौरान जिला सरपंच संघ जिलाध्यक्ष वैभव बिसेन ने बताया कि पंचायत जनप्रतिनिधि के साथ तत्कालीन खैरलांजी थाना प्रभारी ने ना केवल अभद्रता की है, बल्कि जैसा कि वीडियो में नजर आ रहा है कि वे, सरपंच को मारने हाथ भी उठा रहे है। एक, जनता के सेवक से यह अपेक्षा नहीं होती है, सरपंच संघ ग्रामीणों के साथ ग्राम की भलाई के लिए आंदोलन कर रहे थे। नियमानुसार पुलिस को कार्यवाही करना था लेकिन पुलिस उल्टा चोर कोतवाल को डांटे की तर्ज पर सरपंच पर आक्रोश निकाल रही है, जो बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिलाध्यक्ष वैभव बिसेन ने आगे बताया कि भौरगढ़ पंचायत सरपंच देवेन्द्र बारेवार के साथ, खैरलांजी थाना प्रभारी सुनील चतुर्वेदी द्वारा की गई अभद्रता और कथित तौर से मारने हाथ उठाए जाने के मामले में सरपंच संघ ने थाना प्रभारी पर अपराधिक प्रकरण दर्ज करने की मांग की है। हमारी मांग है कि थाना प्रभारी चतुर्वेदी पर आपराधिक प्रकरण दर्ज कर उन पर भी वैधानिक कार्यवाही की जाए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here