लालबर्रा विकासखंड के विभिन्न शासकीय हाई एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों में लोक शिक्षण संचालनालय से जारी टाइम-टेबल के अनुसार प्रतिदिन निर्धारित समय सारणी के अनुसार परीक्षाएं आयोजित की जा रही हैं। वहीं परीक्षा संपन्न होने के तुरंत बाद संबंधित केंद्राध्यक्षों द्वारा उत्तरपुस्तिकाओं को सांदीपनी स्कूल लालबर्रा में जमा करवाया जाता है। यहां से इन उत्तरपुस्तिकाओं को गोपनीयता बनाये रखने हेतु अन्य विकासखंडों में मूल्यांकन के लिए भेज दिया जाता है। साथ ही दूसरे क्षेत्रों की कापियां सांदीपनी स्कूल में जांची जा रही है यानि की मूल्यांकन कार्य किया जा रहा है। इस तरह से परीक्षा के साथ-साथ उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य जारी है। वहीं शिक्षा विभाग ने इस वर्ष परीक्षा परिणामों को लेकर विशेष तत्परता दिखाई है। शिक्षा विभाग की योजना है कि मार्च माह के अंतिम सप्ताह तक कक्षा ९ वीं और कक्षा ११ वीं का वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया जायेगा ताकि आगामी शिक्षण सत्र की तैयारी समय पर शुरू हो सके। साथ ही इस वर्ष माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल के द्वारा कक्षा १० वीं, १२ वीं का वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित किया जाता है, उसी तरह एमएस पोर्टल के माध्यम से कक्षा ९ वीं, ११ वीं की वार्षिक परीक्षा का परिणाम घोषित किया जायेगा। वहीं सांदीपनी स्कूल (उत्कृष्ट विद्यालय) में मूल्यांकन कार्य युध्द स्तर पर किया जा रहा है। साथ ही परिणामों की डेटा एंट्री और अन्य तकनीकी तैयारियां भी जारी है।









































