सीसीटीव्ही कैमरे में कैद हुई महिला, महिला की तलाश जारी

0



पदमेश न्यूज़,बालाघाट। हमेशा से सुर्खियों में घिरा रहने वाला जिला अस्पताल का ट्रामा सेंटर एक बार फिर चोरी की वारदातों को लेकर सुर्खियों में आ गया है। जहां का परिसर सुरक्षा गार्ड और सीसीटीवी कैमरे से लैस होने के बावजूद यहां चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही है।बीती रात हुई एक चोरी की वारदात में एक बार फिर अस्पताल की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए है। लगातार बढ़ते जा रहे हैं चोरी के इन्हीं मामलों के बीच जिला अस्पताल में उपचार कराने और बेटे का जन्म प्रमाण पत्र बनाने ग्रामीण क्षेत्र से पहुंची महिला के गहने और नगद रकम पर किसी अन्य महिला ने हाथ साफ कर दिया और मौका पाकर वहां से फरार हो गई।जिसकी शिकायत महिला ने अस्पताल प्रबंधन, अस्पताल चौकी पुलिस और कोतवाली में की है।जिसके आधार पर अज्ञात आरोपी महिला की तलाश परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के आधार पर की जा रही है।आपको बताए कि अस्पताल या ट्रामा सेंटर में चोरी की यह कोई पहली घटना नही है बल्कि आए दिनों यहां चोरी की वारदातें होती ही रहती है। इससे पूर्व भी अस्पताल से किसी के मोबाईल तो किसी के रूपए चोरी होने की जानकारी सामने आते रही है।अब नगदी सहित जेवरात की चोरी का मामला सामने आया है।इस घटना ने अस्पताल में मरीज और उनके परिजनों की सुरक्षा पर प्रश्नचिह्रन लगा दिया है। पीड़ित महिला से मिली शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी गई है

हमदर्दी दिखाकर गहने चुरा ले गई अज्ञात महिला
जिला अस्पताल के ट्रामा सेंटर में स्वयं का उपचार करा रही महिला कौशल पति तुकाराम बांगरे की माने तो एक अज्ञात महिला, रात तक उन्हीं के साथ थी। वह अपने आप को किसी भर्ती मरीज का परिजन बता रही थी, वही छोटे मोटे काम में उनका सहयोग भी कर रही थी, कभी सोने के लिए चटाई बिछाना, तो कभी पीने के लिए पानी लाने जैसी मदद उस अज्ञात महिला के द्वारा की गई।जिसने मौका पाते ही कौशल बाई के बैग में रखी नगदी और जेवरात लेकर फरार हो गई। पीड़ित महिला कौशल बांगरे की माने तो उनके बैग में रखे पर्स से किसी अज्ञात महिला ने उसके मंगलसूत्र पैंडल, गले की मनी, कान के झुमके और 500 रूपए नगद रूपए पार कर दिए। पीड़िता के अनुसार पहले अज्ञात महिला ने उनसे बातचीत शुरू की, फिर हमदर्दी दिखाई,और फिर मौका पाकर नगदी व जेवरात लेकर फरार हो गई।

जेवरात चोरी की खबर से मचा हड़कंप
जानकारी के अनुसार जैसे ही महिला को जेवरात चोरी जाने की जानकारी लगी वैसे ही कौशल बाई ने शोर मचाना शुरू कर दिया।जहां चोरी की खबर लगते ही परिसर में हड़कंप मच गया और लोग इधर-उधर अज्ञात महिला को खोजने लगे। जब कहीं से कोई राहत भरी खबर नहीं मिली तो फिर पीड़ित महिला ने मामले की शिकायत अस्पताल प्रबंधन, अस्पताल चौकी पुलिस और कोतवाली थाना पुलिस से कर दी। शिकायत पर पीड़िता महिला के साथ, अस्पताल पहुंची महिला आरक्षक ने सीसीटीव्ही फुटेज से संदिग्ध महिला की तलाश शुरू कर दी है। हालांकि खबर लिखे जाने तक अज्ञात आरोपी महिला की पहचान नही हो पाई थी।

रात भर साथ मे रही, सुबहा जेवरात लेकर हुई फरार-कौशल बांगरे
इस पुरे मामले को लेकर की गई चर्चा के दौरान पीड़ित महिला कौशल बांगरे ने बताया कि वह गुरूवार को अपना ईलाज कराने और बेटे के जन्म प्रमाण पत्र बनाने, अस्पताल पहुची थी। रात वह, यही थी, इसी दौरान एक महिला से उसकी बातचीत होने लगी। जिसने बताया कि उसकी बहन और जीजा, यहां भर्ती है, सुबह मुंह हाथ धोने के बाद वह महिला, उसे पानी लाती हुॅं कहकर चली गई। जिसके बाद जब वह अपने बैग के पास पहुंची तो पता चला कि उसके बैग में रखे छोटे पर्स से जेवरात और नगद 500 रूपए नहीं है। पीड़ित महिला ने बताया कि उसके घर मे दरवाजा नही है।वही पति भी देरी से घर आते है।इसलिए वह अपने साथ जेवरात और कुछ रुपय लेकर ट्रामा सेंटर आई थी।

मामले की जांच जारी है- आशुतोष बांगरे
इस पूरे मामले को लेकर दुरभाष पर की गई चर्चा के दौरान प्रभारी सीएस आशुतोष बांगरे ने बताया कि महिला एक बार शिकायत करने के बाद वापस नहीं पहुंची है, घटना को लेकर अस्पताल प्रबंधन भी सतर्क है, सीसीटीव्ही फुटेज में एक संदिग्ध महिला नजर आ रही है।जिसकी पहचान फिलहाल नही हो पाई है।इस पूरे मामले की जांच जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here