नगदी, सोने के जेवर और मोबाइल ले उड़े
चोर, बहेला पुलिस ने शुरू की जांच
बालाघाट/
जिले के बहेला थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम वाघाटोला में अज्ञात चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए नगदी, सोने के जेवर और मोबाइल फोन सहित करीब 2.50 लाख रुपये की चोरी कर ली। वारदात उस समय हुई, जब मकान मालिक आवश्यक कार्य से बालाघाट आए हुए थे। घटना की सूचना मिलने पर बहेला पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पंचायत सावरी के ग्राम वाघाटोला निवासी असरार अहमद खेती किसानी का कार्य करते हैं। बताया गया है कि 2 जुलाई की शाम करीब 5 बजे वे आवश्यक कार्य से बालाघाट आए थे। उस समय घर में कोई सदस्य मौजूद नहीं था। जिससे मकान पूरी तरह सूना था।3 जुलाई की सुबह पड़ोसी ने फोन कर असरार अहमद को सूचना दी कि उनके घर का मुख्य दरवाजा खुला है और ताला टूटा हुआ दिखाई दे रहा है। सूचना मिलते ही असरार अहमद तत्काल बस से अपने गांव पहुंचे। वहां पहुंचने पर उन्होंने देखा कि मकान के ताले टूटे हुए थे और घर के भीतर सामान बिखरा पड़ा था।घर में रखे एक लाख रुपये नकद, करीब 12 से 13 ग्राम वजनी सोने का नेकलेस, एक सोने की अंगूठी तथा एक मोबाइल फोन गायब था। चोरी गए सोने के जेवरों की कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये बताई गई है। इस प्रकार चोरी गई संपत्ति का कुल मूल्य लगभग 2 लाख 50 हजार रुपये आंका गया है।आशंका जताई जा रही है कि अज्ञात चोरों ने 2 और 3 जुलाई की दरमियानी रात सूने मकान का ताला तोड़कर वारदात को अंजाम दिया। घटना की सूचना मिलते ही बहेला पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है।पुलिस ने असरार अहमद की शिकायत पर मामला दर्ज कर अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी है। आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ ही संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही आरोपियों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।









































