किसी भी बात को सबसे तेजी से अधिक-से-अधिक लोगों के पास पहुंचाने का सबसे बड़ा साधन आज सोशल मीडिया है। सोशल मीडिया पर कोई बात जंगल की आग की तरह फैलती है और यही वजह है कि किसी भी बात को वायरल करने के लिए लोग सोशल मीडिया का सहारा लेते हैं, लेकिन सोशल मीडिया पर सबसे ज्यादा झूठ फैलता है।
अब सोशल मीडिया पर इन दिनों एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के सभी बच्चों को स्कूल जाने के लिए फ्री इलेक्ट्रिक साइकिल देने की घोषणा की है और इसके लिए सिर्फ आधार कार्ड की जरूरत है।
‘GovtEdge’ फेसबुक पेज से शेयर किया गया वीडियो
PIB Fact Check के मुताबिक, यह वीडियो ‘GovtEdge’ नामक फेसबुक पेज द्वारा शेयर किया गया है। वीडियो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को कथित तौर पर यह कहते हुए दिखाया गया है कि सभी बच्चों को स्कूल आने-जाने के लिए मुफ्त इलेक्ट्रिक साइकिल दी जाएगी। यह दावा सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है।
AI की मदद से तैयार किया गया फर्जी वीडियो
PIB Fact Check ने स्पष्ट किया है कि वायरल वीडियो AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) से जनरेट किया गया फर्जी वीडियो है। एजेंसी ने कहा कि केंद्र सरकार या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऐसी किसी भी योजना या घोषणा की पुष्टि नहीं की है। इसलिए इस वीडियो पर भरोसा नहीं किया जाना चाहिए।
सरकार ने लोगों से की सतर्क रहने की अपील
PIB ने लोगों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले ऐसे लुभावने दावों के झांसे में न आएं। बिना वेरिफाई के ऐसे वीडियो या पोस्ट को आगे साझा करने से बचें, क्योंकि इससे गलत जानकारी तेजी से फैल सकती है।
सरकारी योजनाओं की जानकारी कहां से लें?
सरकार ने नागरिकों को सलाह दी है कि केंद्र सरकार की सभी कल्याणकारी योजनाओं और घोषणाओं की जानकारी केवल आधिकारिक स्रोतों से ही प्राप्त करें। किसी भी नई सरकारी योजना की पुष्टि के लिए MyScheme पोर्टल का उपयोग करें और सोशल मीडिया पर वायरल दावों पर आंख मूंदकर भरोसा न करें।













































