हिना खान मौत मामले में अब तक दर्ज नही हुई एफआईआर

0

पदमेश न्यूज़, बालाघाट। मॉयल नगरी भरवेली के ग्राम हीरापुर में एक 15 वर्षीय नाबालिक लड़की की मौत का मामला लगातार सुर्खियो में है।जहा वार्ड नं. 5 निवासी हिना खान का फांसी पर लटका हुआ शव मिलने के बाद से ही परिजनों सहित स्थानीयजन इसे सोची समझी साजिश के तहत हत्या का मामला बता रहे है।जिसको लेकर मुस्लिम समाज मे आक्रोश देखा जा रहा है।27 अप्रैल के इस मामले में 5 दिन बीत जाने के बावजूद भी अब तक कोई खुलासा नही हो पाया है,जहा मामले का खुलासा होना तो दूर,मामले में एफआईआर तक दर्ज नही हो पायी है, जिसको लेकर सामाजिक बन्धुओ ने अपना आक्रोश जताते हुए एक बैठक का आयोजन कर आंदोलन की रणनीति बनाई है। इसमें उन्होंने 2 मई शनिवार को भरवेली थाना पहुंचकर मामले में एफआईआर दर्ज कराने का निर्णय लेते हुए, मामले में इंसाफ न मिलने पर आंदोलन किए जाने की चेतावनी दी है।

रेलिंग के पास फाँसी पर लटका मिला था हिना का शव
बैठक में बताया गया कि हीरापुर वार्ड नंबर 5 निवासी नवी कक्षा की छात्रा हिना खान का शव 27 अप्रैल को घर के पास ही नाले की रेलिंग में लटकता हुआ पाया गया था।इस मामले को सोची समझी शाजिश बताते हुए, सामाजिक बन्धुओ ने इसे हत्या करार दिया है।जिन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर वैधानिक कार्यवाही किए जाने की मांग को लेकर शुक्रवार की शाम नगर के बैहर रोड स्थित अंजुमन शादी हॉल में एक बैठक का आयोजन कर, आंदोलन की रणनीति बनाई वही भरवेली थाना प्रभारी को बैठक में बुलाकर अब तक कि गई जांच की वस्तुस्थिति जानी।जिंसमे उन्होंने मौत के पहले के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर इसे हत्या बताते हुए, आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर, उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की है। जहां मांग पूरी न होने पर उन्होंने एसटी,एससी ,ओबीसी, व माइनॉरिटी के विभिन्न संगठनों को साथ लेकर जन आंदोलन किए जाने की चेतावनी दी है।

जन आंदोलन की बनाई रणनीति
बैठक में बताया गया कि हिना ने आत्महत्या नही की है।बल्कि उसकी हत्या कर फाँसी के फंदे पर उसका शव लटकाया गया है।उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराकर उन्हें इंसाफ दिए जाने की गुहार लगाई है।बताया गया कि हिना के घर के पास लगे सीसीटीवी कैमरे फुटेज में दिख रहा है कि हिना खान को 2 युवक देर रात्री मोटर साइकिल पर बैठा कर कही ले जा रहे है और उसी सुबह हिना खान का शव फंदे से लटकता हुआ पाया गया। आखिर ऐसा क्या हुआ है उस रात में जो की एक बड़ा रहस्य बना हुआ है बैठक के दौरान सामाजिक ने सीसीटीवी फुटेज में दिख रहे दोनो युवक को गिरफ्तार कर उनसे मामले को लेकर पूछताछ कर मामले का खुलासा किए जाने की मांग की है। जहां उन्होंने मांग पूरी न होने पर जन आंदोलन की चेतावनी की है।

भरवेली थाना प्रभारी को बुलाकर जानी वस्तुस्थिति
बैठक में भरवेली थाना प्रभारी भूपेन्द्र पन्द्रो से घटना के विषय में मुस्लिम समाज के प्रबुद्धजनों ने जानकारी ली, इस मौके पर अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। सभी ने घटना की निंदा करते हुए आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किये जाने की मांग पुलिस प्रशासन से की है। थाना प्रभारी से सीसीटीवी फुटेज के विषय में जानकारी लेने पर उन्होंने समाज को बताया कि इसकी जांच की जा रही है ,रात्रि में नाबालिग कहां गई थी और किसने उसे ले गया था तथा सुबह उसकी लाश उस अवस्था में कैसे मिली सभी तथ्यों को लेकर पुलिस की जांच चल रही है। बताया गया कि किसी एक व्यक्ति से लड़की ने मोबाईल मांगकर बात की थी और जिस युवक को फोन लगाया था उसकी भी पड़ताल चल रही है। हीरापुर निवासी अजीत बाहेश्वर नामक युवक घटना दिनांक से फरार होने की बात पुलिस द्वारा बताई गई है जिसकी सरगर्मी से तलाश चल रही है और अन्य युवक जो भी इसमें शामिल है सभी की गिरफ्तारी जल्द किये जाने तथा मामले का खुलासा करने की बात थाना प्रभारी भरवेली के द्वारा कही गई है।

5 दिन बीतने पर भी कार्यवाही ना होने पर जताया आक्रोश
बैठक में समाजजनों ने कहा कि दुर्भाग्य है कि मुस्लिम समाज से जुड़ा प्रकरण कहीं पाया जाता है तो पुलिस और प्रशासन की तुरंत कार्यवाही होती है। कहीं बुलडोजर चलाकर घर को ढहा दिया जाता है लेकिन गरीब मजदूर की बच्ची की हत्या हुई है।जहा साक्ष्य मौजूद होने पर भी कार्यवाही नहीं हो पा रही है।बताया गया कि बहुत ही गरीब परिवार से आने वाली हिना खान जिसके माता-पिता मजदूरी का कार्य करते हैं। हिना अपने माता-पिता की इकलौती संतान थी।सामाजिक बन्धुओ ने बताया कि 15 वर्षीय हिना नवी कक्षा की छात्रा थी जिसको 26 से 27 तारीख की मध्य रात्रि करीबन 1.40 को बहला फुसलाकर घर से बुलाया गया और सुबह करीबन 5:30 बजे घर के पास ही लगे नाले की रेलिंग में हिना खान का शव फंदे से लटकते हुआ पाया गया।इस मामले में सामाजिक बन्धुओ द्वारा सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार्यवाही कर उन्हें इंसाफ दिलाने की गुहार लगाई है।

मामले में वैधानिक कार्यवाही कर दिया जाए इंसाफ-हबीब नूरी
घटना को लेकर शहर काजी मौलाना हबीब नूरी ने बताया कि अभी तक सुनने आ रहा था कि कानूनी कार्यवाही हो रही है लेकिन 5 दिन बीतने के बाद भी ठोस कार्यवाही नहीं हुई है। मुस्लिम समाज के लोग शादी हाल में बैठे थे पूरी चर्चा में यह समझा गया है कि बेगुनाह नाबालिग बच्ची के साथ ऐसा हुआ है जिसमें पुलिस प्रशासन ने अब तक एफआईआर दर्ज नहीं की है। हम भरवेली थाने जाएंगे और ज्ञापन देकर आरोपियों की गिरफ्तारी तथा कड़ी कानूनी कार्यवाही करने की मांग करेंगे। हमारी मांग है कि इस मामले में वैधानिक कार्यवाही कर परिजनों को इंसाफ दिया जाए।

समाज में ऐसी घटनाएं होना चिंतनीय है-रहीम खान
इस मामले को लेकर बैठक में कांग्रेस नेता रहीम खान ने कहा कि यह इस नाबालिग बच्ची के मामले को किसी विशेष धर्म की नजर से ना देखा जाये बल्कि समाज में ऐसी घटनाएं होना चिंतनीय है। सीसीटीवी सहित सभी तथ्य मौजूद है फिर भी अपराधियों को गिरफ्तार नहीं किया जा रहा है। इस विषय को लेकर हम पुलिस प्रशासन से चर्चा करना चाहते थे इसलिए सीएसपी द्वारा भरवेली थाना प्रभारी को यहां भेजा गया था। कहा गया कि इस मामले की अब तक एफआईआर नहीं की गई है और पुलिस द्वारा जल्द मामले का खुलासा किया जाये तथा पीडि़त परिवार को न्याय मिले इसलिए भरवेली थाने में मुस्लिम समाज सहित अन्य लोग पहुंचकर सुबह 10.30 बजे पहुचेंगे। हम चाहते हैं कि आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी हो और इस मामले में इंसाफ मिले ताकि दोबारा किसी भी समाज की बच्चियों के साथ ऐसी घटनाओं की पुर्नवृत्ति ना हो।

सभी दलित वर्ग के लोग पीड़ितो के साथ है- कुरील
वहीं सामाजिक कार्यकर्ता धमेंद्र कुरील ने बताया कि आज सामाजिक लोगों की एक बैठक थी, हम इस घटना की निंदा करते हैं पुलिस की कार्यवाही काफी धीमी चल रही है, अब तक इस मामले में एफआईआर तक दर्ज नहीं की गई है। इसीलिए कल हम भरवेली थाना जाकर एफआईआर दर्ज कराएंगे।हमारी मांग है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर युवकों की गिरफ्तारी करनी चाहिए,आरोपियों के घर में बुलडोजर चलना चाहिए ,पुलिस ने कार्यवाही के दौरान दोहरा रवैया नहीं अपनाना चाहिए ।यदि किसी अन्य समाज की बच्ची के साथ ऐसा हुआ होता तो बड़ी-बड़ी रैली निकली होती, आरोपियों के घर तुरंत बुलडोजर चल गए होते, लेकिन यहां ऐसा कुछ होता नहीं दिख रहा है हमारी मांग है कि इस मामले में परिजनों को इंसाफ मिले, हम सभी दलित वर्ग के लोग पीड़ित परिवार और समाज के साथ है। इस मामले में जल्द से जल्द कार्यवाही कर इंसाफ दिया जाना चाहिए।

मामले में वैधानिक कार्यवाही की जाएगी- भपेंद्र पन्द्रों
भरवेली थाना प्रभारी भूपेन्द्र पन्द्रो ने बताया कि सामाजिक जनों ने हीरापुर में नाबालिग बालिका की मृत्यु के विषय को लेकर चर्चा करनी चाही थी जिसपर सीएसपी साहब द्वारा मुझे भेजा गया और पुलिस द्वारा की जा रही कार्यवाही से अवगत कराया गया है। उन्होंने बताया कि मर्ग पंजीबद्ध किया गया है और सीसीटीवी फुटेज तथा वैज्ञानिक परीक्षण किया जा रहा है जबकि बालिका का डीएनए सेम्पल के लिये भेजा गया है। प्रकरण में संदेही अजीत बाहेश्वर के बारे में बताया कि वह घटना दिनांक से फरार है जिसे पकड़कर पूछताछ की जायेगी एवं मामले में जो भी साक्ष्य आएगा पुलिस द्वारा वैधानिक कार्यवाही की जायेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here