जनसुनवाई में कलेक्टर से शिकायत कर कार्यवाही करने की मांग
पद्मेश न्यूज। वारासिवनी । वारासिवनी जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम बुदबूदा स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के जर्जर भवन को लेकर शाला प्रबंधन समिति और ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर को जनसुनवाई में ज्ञापन सौंपकर उच्च स्तरीय जांच और कड़ी कार्यवाही की मांग की है। ज्ञापन में शाला प्रबंधन समिति ने बताया की शासकीय माध्यमिक विद्यालय बदबूदा तहसील वारासिवनी के शासकीय स्कूल भवन का घटिया निर्माण किया गया हैं। इस स्कूल भवन का निर्माण लगभग १० वर्ष पूर्व राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान योजना के तहत लोक निर्माण विभाग के द्वारा कराया गया था। निर्माण के समय घटिया सामग्री सीमेंट, रेत, ईंट आदि का इस्तेमाल किया गया जिसके कारण महज ५-६ वर्षों में ही भवन की हालत जर्जर होती जा रही हैं। भवन की दीवारों में गहरी दरारें आ चुकी हैं और छत से पानी टपकने के कारण प्लास्टर टूट टूटकर गिर रहा है। बरसात के दिनों में छत से पानी टपकने के कारण आईटी कक्ष में रखे महत्वपूर्ण दस्तावेज, कंप्यूटर और लैपटॉप खराब हो रहे हैं। छात्र छात्राओं के शौचालय कक्ष टूट.फूट चुके हैं खिड़कियां और दरवाजे पूरी तरह नष्ट हो चुके हैं तथा कक्षाओं का फ र्श उखड़ गया है। इस जर्जर स्थिति के कारण स्कूल में पढ़ रहे बच्चों और शिक्षकों के साथ कभी भी कोई गंभीर दुर्घटना घटने की आशंका बनी रहती है। इससे पहले भी कई बार संबंधित विभाग को लिखित व मौखिक शिकायतें दी गईं लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। हमारी मांग हैं की एक तकनीकी टीम गठित कर निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कराई जाये ,दोषी अधिकारियों व ठेकेदार पर सख्त कानूनी कार्यवाही की जायें तथा भवन की मरम्मत या नए सुरक्षित भवन के निर्माण हेतु बजट स्वीकृत किया जाये। इस अवसर पर शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष संजय कुमार पटले ,सदस्य अशोक मरार ,भरतलाल मोहेश्वर ,यूवराज बनकर, राजेश बनेवार ,सविता मेश्राम ,लिखेश्वर पांडे ,वंदना उके ,ओमकार नागेश्वर ,संदीप चौधरी ,अशोक तिवारी ,गौतम गजभिये ,राजू चौरे ,क्षितिज बिसेन सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
गुणवत्ता बहुत खराब हो गई है, जिससे भवन जर्जर हो गया है-संजय कुमार पटले
अध्यक्ष संजय कुमार पटले ने बताया कि हमारे स्कूल बिल्डिंग की मरम्मत हो या उसका विकल्प निकल जाए। वहां बच्चे पढ़ रहे हैं कभी भी स्कूल भवन में कोई अनहोनी हो सकती है। गुणवत्ता बहुत खराब हो गई है, जिससे भवन जर्जर हो गया है पिछले तीन वर्षों से ऐसा चल रहा है शिक्षा विभाग के अधिकारियों को स्टाफ के द्वारा भी बताया गया है। मैं अभी अध्यक्ष बना हूं सामने स्थिति देखकर चिंतन किया और जिला कलेक्टर को ज्ञापन दिया है की कोई बीच का रास्ता निकाले। उन्होंने कहा है कि देखते हैं इस और कोशिश करनी चाहिए एक सप्ताह हो गया है । अभी तक कोई जानकारी नहीं आई है और ना ही आदेश आया है। हम तो शासन प्रशासन के सहयोग से स्कूल अच्छा बनाना चाहते हैं।
भवन का निर्माण घटिया सामग्री से किया है जो जर्जर हो चुका है-अशोक मरार
पूर्व जिला पंचायत सदस्य अशोक मरार ने बताया की जिला कलेक्टर को हमने शिकायत किया है कि उच्च माध्यमिक के अंतर्गत रमसा में लोक निर्माण विभाग के द्वारा भवन का निर्माण किया गया था। उसकी स्थिति बहुत खराब है निर्माण के १० वर्ष में ही छत से पानी टपकता है बच्चे वहां अध्ययन नहीं कर पाते दीवार और छत की पपड़ी गिर रही है क्रैक आ गई है। प्रसाधन में काई जम चुकी है अव्यवस्था बनी हुई है समय पर ध्यान नहीं दिया तो बच्चे बैठ नहीं पाएंगे। हम चाहते हैं कि भवन की मरम्मत या नवीन भवन स्वीकृत हो दोषी अधिकारियों ठेकेदार पर कार्यवाही हो। किसी भवन की उम्र ४० वर्ष होती है पर यह १० वर्ष में ही जर्जर हो गई है कुछ जगह बैठने लायक स्थिति नहीं है। हमारी मांग है कि जल्द इसकी मरम्मत कर संबंधित अधिकारी कर्मचारी ठेकेदार पर कानूनी कार्यवाही हो।










































