पूरा उत्तर भारत इन दिनों भीषण गर्मी (Weather Update) और आग उगलती लू से जूझ रहा है। उत्तर प्रदेश का बांदा गुरुवार को लगातार पांचवें दिन देश का सबसे गर्म शहर रहा। यहां अधिकतम तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भीषण गर्मी के कारण लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है और अस्पतालों में गर्मी से बीमार होने वाले मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है।
दिल्ली में हीट स्ट्रोक के मामले बढ़े
राजधानी दिल्ली में हीट स्ट्रोक के दो गंभीर मामले सामने आए हैं। इनमें एक मरीज को वेंटिलेटर पर रखा गया है, जबकि दूसरे की हालत भी चिंताजनक बनी हुई है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, दिल्ली में मई महीने की लगभग 14 वर्षों की सबसे गर्म रात रिकॉर्ड की गई। गुरुवार रात न्यूनतम तापमान 31.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि दिन का अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।










































