आदिशक्ति मॉ भगवती का उपासना का पर्व प्रारंभ

0

वारासिवनी(पद्मेश न्यूज)। आये नवराते माता के…… बड़ा प्यारा सजा है तेरा द्वार भवानी भक्तों की लगी है कतार भवानी……. जैसे भजनों की धुन अब दुर्गा पंडालों मे गुंजायमान हो रही है। नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में 3 अक्टूबर से शारदेय नवरात्रा पर्व जगत जननी मां दुर्गा की प्रतिमा की स्थापना के साथ शुरू हो गया है। हिंदु धर्म में दुर्गा पूजा महापर्व के रूप मे मनाया जाता है। वहीं नियमो का पालन करते हुए हिंदु धर्मावलंबी मां भगवती के इस पर्व को पूरी आस्था एवं उपवास के साथ मना रहे हैं। यह पर्व के प्रारंभ होते ही लोगों में एक अनुभव उत्साह देखने को मिल रहा है इस पर्व को लेकर लोग पहले से तैयारी कर रहे थे उनमें अब वह उत्साह दोगुना हो चुका है।

डोल नगाड़े की थाप पर दरबार में पहुंची माँ जगदम्बे की प्रतिमायें

नगर सहित क्षेत्र में शारदेय नवरात्रा पर्व को लेकर खासा उत्साह प्रतिवर्ष अनुसार इस वर्ष भी देखा जा रहा है। सुबह से ही माता के भक्त स्थानीय कुम्हारों के घर से आकर्षक प्रतिमाओं को साज-सज्जा के साथ डोल-नगाड़े  की थाप पर रैली के माध्यम से पंडाल तक ला रहे है। सार्वजनिक पंडालों में देर रात्रि तक विधि-विधान से पूजा अर्चना कर जगत जननी मॉ अम्बे की प्रतिमा की स्थापना की जा रही है। इस दौरान नगर से ग्रामीण अंचलों के दुर्गा पंडालों के लिये भी माताजी की आकर्षक प्रतिमायें सुसज्जित होकर वाहनों से रवाना होती रही। नगर में भी लगभग आधा दर्जन से अधिक दुर्गा पंडालों में मां भगवती की आराधना का पर्व प्रारंभ हो गया है। नव दुर्गा उत्सव समिति सिविल क्लब, सम्राट नगर दुर्गाउत्सव समिति सहित अन्य समितियों के द्वारा भी नवरात्रा पर्व आस्थापूर्वक एवं हर्षाेल्लास के साथ मनाया जा रहा है। साथ ही पर्व के दौरान इस वर्ष अनेको धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किये जायेगें।

मनोकामना ज्योति प्रज्वलित कर बोये गये जवारे

नगर सहित क्षेत्र में सार्वजनिक दुर्गा उत्सव समिति के माध्यम से शारदेय नवरात्र पर्व की तैयारी काफी उत्साह के साथ की गई थी जहाँ पंडालों में मां जगत जननी की स्थापना के साथ जवारे बोये गये। तो वही नगर सहित क्षेत्र में लोगों के द्वारा अपने घरों में घट की स्थापना कर मनोकामना जोत प्रज्वलित कर जवारे बोये गये हैं। जहां लोगों के द्वारा आस्था पूर्वक विधि विधान से पूजा अर्चना कर आराधना की जा रही है। इस दौरान घरों में भजन कीर्तन जस जैसे विभिन्न कार्यक्रम भी आयोजित किये जायेगे।

भाजी मंडी समिति में विराजित हुई मॉ जगदम्बे

नगर के गोलीबारी चौक के समीप स्थित श्री नवयुवक दुर्गोत्सव समिति भाजी मंडी द्वारा मॉ जगदम्बे की प्रतिमा विराजित कर शारेदय नवरात्र पर्व धार्मिक आस्थाओं के साथ मनाया जा रहा है। जहाँ 3 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे पं. द्वारा विधि-विधान से पूजा अर्चना कर मॉ  दुर्गा की प्रतिमा विराजित की गई। श्री नवयुवक दुर्गोत्सव समिति भाजी मंडी में पंचांग के अनुसार जवारे बोकर शारदेय नवरात्र पर्व प्रारंभ हो गया है। जहाँ मातारानी की प्रतिमा विराजित कर 9 दिवसीय पर्व को समिति द्वारा उत्सव के साथ मनाने की तैयारी जारी है।

नवदुर्गा उत्सव समिति सिविल क्लब में दो शेर पर विराजी मॉ दुर्गा

नगर के सिविल ग्राउण्ड में नवदुर्गा उत्सव समिति बस स्टैण्ड सिविल क्लब के द्वारा मॉ जगदम्बे की 3 अक्टूबर को प्रतिमा विराजित कर नवरात्र पर्व धार्मिक आस्थाओं के साथ मनाया जा रहा है। जहाँ शाम में पं. द्वारा विधि-विधान से पूजा अर्चना कर मॉ दुर्गा की प्रतिमा विराजित की गई और नवरात्र पर्व भक्तिभाव के साथ मनाया जा रहा है। नवदुर्गोत्सव समिति सिविल क्लब ग्राउण्ड वारासिवनी अध्यक्ष संजयसिंह कछवाहा ने बताया कि माता-रानी की प्रतिमा विराजित कर स्थापना की जा रही है यह 9 दिवसीय आराधना प्रारम्भ कर दी गयी है। प्रतिवर्ष अनुसार कूपन ड्रा एवं विविध धार्मिक सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किये जाते थे वह इस वर्ष भी होंगे। इसमें गरबा को भव्य बनाने के लिये कार्य किया जा रहा है इस नवदिवसीय पर्व में माता-रानी की भक्तिभाव के साथ आराधना कर मनाया जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here