नई दिल्ली: रोम में आयोजित प्रतिष्ठित डायमंड लीग (गोल्डन गाला) के जैवलीन थ्रो ईवेंट में श्रीलंका के युवा एथलीट रुमेश पाथिरागे थारंगा ने इतिहास रच दिया है। एशियाई दिग्गजों की गैरमौजूदगी में उतरे 23 वर्षीय थारंगा ने प्रतियोगिता में सभी को हैरान करते हुए 92.62 मीटर का एक बेहद विशाल थ्रो फेंका। थारंगा का यह प्रदर्शन न सिर्फ उनके करियर का सर्वश्रेष्ठ मोड़ साबित हुआ बल्कि इसने श्रीलंका के एथलेटिक्स इतिहास को भी एक नई ऊंचाई पर पहुंचा दिया है। प्रतियोगिता में एंडरसन पीटर्स और जैकब वडलेज जैसे विश्व स्तरीय खिलाड़ियों के सामने थारंगा ने अपने दूसरे ही प्रयास में सीजन का सर्वश्रेष्ठ थ्रो (92.62 मीटर) फेंककर नंबर एक स्थान हासिल किया।
कई रिकॉर्ड्स तोड़ डाले
थारंगा के इस इकलौते थ्रो ने खेल जगत के कई पुराने रिकॉर्ड्स को तहस-नहस कर दिया। वह साल 2026 के सीजन में 90 मीटर की बाधा को पार करने वाले दुनिया के पहले थ्रोअर बन गए हैं और फिलहाल उनके पास वर्ल्ड लीड आ गई है। इस प्रयास के साथ ही उन्होंने रोम में नॉर्वे के दिग्गज एंड्रियास थोरकिल्डसन द्वारा दो दशक पहले बनाए गए मीट रिकॉर्ड को भी तोड़ दिया। पूर्व क्रिकेटर से भाला फेंक एथलीट बने थारंगा अब इतिहास में 90 मीटर का दायरा पार करने वाले महज चौथे एशियाई खिलाड़ी बन गए हैं और उनका यह थ्रो किसी भी एशियाई एथलीट द्वारा किया गया अब तक का दूसरा सबसे सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। इस मुकाबले में पूर्व विश्व चैंपियन एंडरसन पीटर्स 83.91 मीटर के साथ दूसरे और अमेरिका के कर्टिस थॉम्पसन तीसरे स्थान पर रहे।








































