कर्नाटक में शिवकुमार की ताजपोशी? दो डिप्टी CM और नए कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष की हो रही तलाश, फॉर्मूला तैयार!

0

Karnataka Power Tussle: कर्नाटक का सियासी नाटक अब समाप्त होने की कगार पर है। मुख्यमंत्री सिद्दारमैया ने राज्यपाल से मिलने का समय मांगा है। संभावना जताई जा रही है कि सिद्दारमैया मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देंगे और इसी के साथ ही नेतृत्व परिवर्तन को लेकर महीनों से जारी सियासी दांव पेच थम जाएंगे। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कांग्रेस आलाकमान ने मंगलवार को सिद्दारमैया और डीके शिवकुमार के साथ मैराथन बैठक की। सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस आलाकमान ने सिद्दारमैया को अपनी मंशा जाहिर कर दी है कि पार्टी आसान नेतृत्व परिवर्तन चाहती है।

सिद्दारमैया की हो रही छुट्टी!

कांग्रेस आलाकमान कर्नाटक में संगठन और नेतृत्व में बड़े फेरबदल की तैयारी में है। लंबे समय से शिवकुमार के समर्थन कांग्रेस आलाकमान से उन्हें (शिवकुमार) मुख्यमंत्री बनाने की मांग कर रहे थे। इसको लेकर कई बार शिवकुमार समर्थकों ने दिल्ली का दौरा भी किया, लेकिन समझा-बुझाकर मामले को ठंडे बस्ते में डाला जा रहा था। हालांकि, अंतत: शिवकुमार को मुख्यमंत्री पद सौंपने पर विचार हो रहा है।

दो डिप्टी CM की तैयारी

सूत्रों के मुताबिक, उपमुख्यमंत्री शिवकुमार को मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है, जबकि कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष के लिए एक चेहरे का चयन होगा। साथ ही जातीय संतुलन साधने के लिए दो डिप्टी सीएम बनाने के फॉर्मूले पर चर्चा हो रही है, जिनमें एक ओबीसी और एक एससी समुदाय से हो सकता है।अगला कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कौन?

शिवकुमार अभी उपमुख्यमंत्री के साथ-साथ कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे थे, लेकिन उन्हें प्रदेशाध्यक्ष की जिम्मेदारी छोड़नी होगी। ऐसे में प्रदेशाध्यक्ष पद की कमान सतीश जारकीहोली को सौंपी जा सकती है।

सिद्दारमैया की ब्रेकफास्ट डिप्लोमेसी

मुख्यमंत्री सिद्दारमैया गुरुवार सुबह अपने मंत्रिमंडल सहयोगियों के साथ ब्रेकफास्ट करेंगे। दिल्ली में मौजूद शिवकुमार भी गुरुवार को बेंगलुरु लौट सकते हैं और इस बैठक में शामिल हो सकते हैं। इस बीच, बेंगलुरु में शुक्रवार को कांग्रेस विधायक दल (CLP) की अहम बैठक होने की संभावना है, जिसमें नए नेतृत्व को लेकर औपचारिक ऐलान हो सकता है।

राज्यपाल से मिलेंगे सिद्दारमैया

सिद्दारमैया राज्यपाल थावरचंद गहलोत से मुलाकात करेंगे। राज्यपाल ने मुख्यमंत्री को मिलने का गुरुवार सुबह 11 बजे मिलने का समय दिया है। इसी के साथ ही, राजनीतिक हलकों में सिद्दारमैया के इस्तीफा देने की अटकलें तेज हो गई हैं। अगर ऐसा होता है तो शिवकुमार का रास्ता साफ हो जाएगा।

इंदिरा भवन में हो रहा मंथन

कर्नाटक कांग्रेस में जारी उठापटक को लेकर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय ‘इंदिरा भवन’ में लगातार मंथन हो रहा है। इस बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, रणदीप सिंह सुरजेवाला मौजूद रहे।

सनद रहे कि कर्नाटक में 20 मई को कांग्रेस सरकार के तीन साल पूरे होने के बाद से नेतृत्व परिवर्तन और मंत्रिमंडल में फेरबदल को लेकर अटकलें जारी हैं। शिवकुमार के समर्थक 2023 के विधानसभा चुनाव में पार्टी की जीत के बाद मुख्यमंत्री सिद्दारमैया के साथ ढाई-ढाई साल के लिए मुख्यमंत्री बनने को लेकर हुए कथित समझौते के तहत उनकी (शिवकुमार) पदोन्नति पर जोर दे रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here