Kantara Mockery Case: बॉलीवुड स्टार रणवीर सिंह (Ranveer Singh) इन दिनों चर्चा में बने हुए हैं। हाल ही में रणवीर सिंह की फिल्म धुरंधर 2 (Dhurandhar 2) रिलीज हुई। इस मूवी ने बॉक्स ऑफिस पर ऐसा धमाल मचाया कि लोग दंग रह गए। फिल्म ने दुनियाभर में 1700 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया। धुरंधर 2 की रिलीज से पहले रणवीर सिंह कंतारा फिल्म के किरदार की मिमिक्री करने पर काफी विवाद में रहे थे। इस मामले में रणवीर सिंह के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की गई थी। इस बीच रणवीर सिंह को बड़ी राहत मिली है।
रणवीर सिंह को मिली राहत
बॉलीवुड स्टार रणवीर सिंह को कर्नाटक हाईकोर्ट से बड़ी राहत मिली है। शनिवार 25 अप्रैल को कोर्ट ने कांतारा मिमिक्री मामले में उनके खिलाफ दर्ज FIR रद्द कर दी। रणवीर सिंह ने पिछले साल गोवा के इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल के समापन समारोह में ऋषभ शेट्टी के आइकॉनिक क्लाइमेक्स सीन को दोहराया था। इस दौरान उन्होंने चावुंडी दैव को महिला भूत कहकर पुकारा, जिस पर काफी विवाद हुआ और एफआईआर दर्ज की गई थी। कोर्ट ने FIR रद्द करते समय रणवीर सिंह के बिना शर्त माफी मांगने पर गौर किया। उनके वकील सजन पूवैय्या ने माफी का एफिडेविट पेश किया। रणवीर सिंह ने कहा कि वे व्यक्तिगत रूप से मैसूर के चामुंडेश्वरी मंदिर जाकर माफी मांगेंगे। रणवीर सिंह सुनवाई में मौजूद नहीं थे। उनके वकील ने बताया कि धुरंधर 2 की जबरदस्त सफलता के कारण सुरक्षा कारणों से उनका आना-जाना सीमित है, इसलिए मंदिर जाने की कोई निश्चित तारीख नहीं बताई गई।
धुरंधर 2 की टोटल कमाई
बताते चलें कि रणवीर सिंह की फिल्म धुरंधर 2 का टोटल नेट इंडिया कलेक्शन 2,561 शोज के साथ 1,123.91 (अब तक) करोड़ रुपये हो गया है। इसके अलावा इंडिया ग्रॉस कलेक्शन 1,345.24 करोड़ रुपये हो गया है। वहीं दुनियाभर में फिल्म ने 1700 करोड़ का आंकड़ा पार कर दिया है। रणवीर सिंह की जल्द ही फिल्म प्रलय में नजर आने वाली हैं। इस फिल्म को देखने के लिए लोग बेताब है।










































