ग्वालियर। शहर के थाटीपुर इलाके में जमीन के विवाद को लेकर एक युवक पर जानलेवा हमला हो गया। शनिवार सुबह करीब नौ बजे यह घटना थाटीपुर स्थित पीएनटी चौराहा के पास हुई। यहां युवक पर लाठियों से हमला किया गया। करीब 15 मिनट तक हमलावर उसे पीटते रहे। फिर आरोपितों ने गोलियां भी चलाई। इस दौरान छर्रे उचटकर युवक के शरीर में लगे। वह गंभीर रूप से घायल है। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बदमाशों के हाथों में थी लाठी और बंदूक
थाटीपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत दुल्लपुर का रहने वाला रामवीर गुर्जर पीएनटी चौराहा के पास सुबह करीब नौ बजे खड़ा हुआ था। इस दौरान मुंह पर कपड़ा बांधकर आधा दर्जन बदमाश आ गए। इनके हाथ में लाठी और बंदूक थी। इन लोगों ने आते ही रामवीर पर हमला कर दिया। रामवीर को सड़क पर पटका और उसे पीटते रहे। इसके बाद इन आरोपितों ने गोलियां चलाई। रामवीर के सिर में लाठी लगी जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। गोली के छर्रे भी रामवीर के शरीर में जा लगे।










































