खरगोन में नीलोफर की मौत का मामला हत्या में बदला है। दफनाए गए शव को निकालकर पोस्टमार्टम कराने पर चोटों के निशान मिले। पिटाई से स्प्लीन फटने और सिगरेट से जलाने के निशान पाए गए। आठ साल की बेटी ने पिता द्वारा मां को पीटने की बात बताई।खरगोन: जिले में 29 वर्षीय निजी स्कूल शिक्षिका नीलोफर की मौत के मामले में जांच ने अचानक नया मोड़ ले लिया है। जिस मामले को पुलिस शुरुआत में प्रताड़ना के चलते आत्महत्या का संदिग्ध मामला मानकर जांच कर रही थी, वह अब हत्या के मामले में बदल गया है। दफनाए जाने के बाद शव को बाहर निकालकर कराए गए पोस्टमार्टम में महिला के शरीर पर गंभीर चोटों और सिगरेट से जलाने के निशान मिले। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, परिस्थितिजन्य साक्ष्यों और बयानों के आधार पर खरगोन कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार को नीलोफर के पति नईम खान फतेह के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।कोतवाली थाना प्रभारी बीएल मंडलोई ने बताया कि नीलोफर की 15 अगस्त को मौत हुई थी। ससुराल पक्ष ने बताया था कि उसने किसी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया था। प्रारंभिक उपचार के बाद उसे इंदौर ले जाया जा रहा था, इसी दौरान उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव का पोस्टमार्टम कराए बिना उसे दफना दिया गया था।
मायके पक्ष को नीलोफर की मौत की परिस्थितियों पर संदेह हुआ। परिजनों ने अधिकारियों से शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम कराने की मांग की। एसडीएम के आदेश के बाद 16 अगस्त को दफनाए गए शव को बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम कराया गया।










































