नई दिल्ली: पाकिस्तानी क्रिकेट फैंस और उनके कुछ पूर्व क्रिकेटर अक्सर बाबर आजम की तुलना दिग्गज भारतीय बल्लेबाज विराट कोहली से करते रहते हैं। लेकिन असल में देखा जाए तो बाबर रिकॉर्ड और मैच जिताने के मामले में विराट के आस-पास भी नहीं आते। हालांकि इसके बावजूद भी कुछ पाकिस्तान ी पूर्व क्रिकेटर बाबर को विराट से बेहतर बताने में लगे रहते हैं। इस बार भी ऐसा ही हुआ है। पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज तनवीर अहमद ने एक टीवी शो के दौरान विराट कोहली और बाबर आजम की तुलना करते हुए एक बेहद ही चौंकाने वाला बयान दिया है।
बाबर आईपीएल में विराट से ज्यादा रन बना देंगे
तनवीर का मानना है कि अगर बाबर आजम को आईपीएल में खेलने का मौका मिले तो वह रन बनाने के मामले में विराट कोहली को भी पीछे छोड़ सकते हैं। उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर एक बार फिर भारत और पाकिस्तान के क्रिकेट फैंस के बीच बहस छिड़ गई है। तनवीर अहमद ने कहा, ‘कोई मानेगा ही नहीं, ना माने कोई मसला नहीं। बाबर को खिलाएं आईपीएल में विराट से ज्यादा रन करेगा।’ उन्होंने तर्क दिया कि बाबर आजम पिछले 10-11 सालों से लगभग अकेले ही पाकिस्तान की बल्लेबाजी का बोझ उठा रहे हैं और उनके आस-पास ऐसा कोई बड़ा खिलाड़ी नहीं रहा जिससे उन्हें लगातार सपोर्ट मिल सके। वहीं दूसरी तरफ, विराट कोहली को उनके पूरे करियर के दौरान हमेशा विश्व स्तरीय बल्लेबाजों का साथ मिला है।








































