लिस्बन: पुर्तगाल के दिग्गज फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो और उनकी मंगेतर जॉर्जियाना रोड्रिगेज की शादी की तारीखों को लेकर चल रही अटकलों के बीच दोनों का शादी से पहले का एग्रीमेंट मीडिया की सुर्खियों में आ गया है। स्पेनिश मीडिया आउटलेट मुंडो डिपोर्टिवो की रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों की लीगल टीमों ने शादी से पहले की शर्तों का मसौदा तैयार कर लिया है, जिसमें करोड़ों की शर्तों का खुलासा हुआ है।
एग्रीमेंट की मुख्य शर्तें क्या हैं?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, यदि दोनों के बीच अलगाव होता है या शादी के बाद कोई कानूनी स्थिति बनती है, तो जॉर्जियाना रोड्रिगेज को वित्तीय सहायता मिलेगी:
- व्यक्तिगत खर्चों के लिए 121,000 डॉलर (लगभग 1 करोड़ रुपये) प्रति माह।
- आजीवन भत्ते के तौर पर 110,000 डॉलर (लगभग 92 लाख रुपये) प्रति माह।
- बच्चों के रखरखाव और उनकी आलीशान जीवनशैली के लिए 500,000 डॉलर (लगभग 4.2 करोड़ रुपये) प्रति माह।
प्रॉपर्टी और अन्य सुविधाएं:
- मड्रिड और लिस्बन में रियल एस्टेट सहित 5.6 मिलियन डॉलर (लगभग 47 करोड़ रुपये) की कुल संपत्तियां।
- अपनी जीवनशैली बनाए रखने के लिए 2 मिलियन डॉलर (लगभग 16.7 करोड़ रुपये) सालाना।
- दो लग्जरी कारें, प्राइवेट जेट से उड़ानें और साल में दो छुट्टियां।
शादी की तारीख पर परिवारों ने दी सफाई
बीते कुछ घंटों में 1 अगस्त को दोनों की शादी होने की अफवाहें उड़ी थीं, लेकिन उनके परिवारों ने इसे खारिज कर दिया है। पिछले साल दोनों की सगाई हुई थी, लेकिन अब तक शादी की कोई आधिकारिक तारीख सामने नहीं आई है। हालांकि, रोनाल्डो या जॉर्जियाना में से किसी ने भी इन शर्तों या मीडिया रिपोर्ट्स पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है।










































