नई दिल्ली: राजस्थान रॉयल्स के 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में बीते 25 अप्रैल को हैमस्ट्रिंग इंजरी हो गई थी। यह घटना हैदराबाद की पारी के दौरान की तीसरे ओवर की है। वो ओवर राजस्थान रॉयल्स के लिए जोफ्रा आर्चर डाल रहे थे। ओवर की आखिरी बॉल पर ईशान किशन ने कवर के ऊपर से शॉट मारा।
वैभव सूर्यवंशी बॉल को रोकने के लिए उसके पीछे भागे। हालांकि भागते-भागते सूर्यवंशी रुक गए थे। उनको हैमस्ट्रिंग में कुछ परेशानी हो गई थी। इसके बाद फीजियो मैदान पर आते हैं। वो उन्हें कुछ देर देखते हैं और फिर सूर्यवंशी को मैदान से बाहर ले जाने का फैसला किया जाता है। हालांकि अब सूर्यवंशी की इंजरी पर आरआर के बैटिंग कोच विक्रम राठौड़ ने बड़ा अपडेट दिया है।
विक्रम राठौड़ ने सूर्यवंशी को लेकर क्या कहा?
राजस्थान रॉयल्स के बैटिंग कोच विक्रम राठौड़ ने मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘वो अपनी हैमस्ट्रिंग में कुछ महसूस कर रहे थे। लेकिन वो अब ठीक लग रहे हैं। उन्होंने उन्हें (वैभव सूर्यवंशी) ट्रीट किया तो वो सही लग रहे हैं। हमें बाकी एक दो दिन में पता चलेगा। लेकिन यह सीरियस नहीं लग रहा है।’
वैभव सूर्यवंशी ने 36 गेंद में ठोका था शतक
राजस्थान रॉयल्स के 15 वर्षीय सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने शनिवार को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ महज 36 गेंदों में शतक लगाया, जो गेंदों के लिहाज से इंडियन प्रीमियर लीग का तीसरा सबसे तेज शतक है।










































