शादियां हर किसी के लिए अहम होती हैं। भारतीय समाज में आमतौर पर लोग जीवन में एक ही बार शादी करते हैं। इस वजह से शादी के समय मुहूर्त और नक्षत्रों का भी ध्यान रखा जाता है। भारत में अधिकतर शादियां गर्मी के सीजन में होती हैं, लेकिन ठंड में भी बड़ी संख्या में लोग शादी करते हैं। यहां हम जिम्बाब्वे की एक मान्यता के बारे में बात कर रहे हैं, जो शादियों से जुड़ी हुई है। यहां लोग नवंबर के महीने में शादी करने से बचते हैं, क्योंकि उनका मानना है कि ऐसा करने से बच्चे नहीं होते और जल्द ही तलाक हो जाता है।
हालांकि पूरे जिम्बाब्वे के लोग इस मान्यता को नहीं मानते हैं, लेकिन शोना कम्युनिटी के लोग इस प्रथा को मानते हैं। ये लोग आमतौर पर दक्षिण अफ्रीका और खासकर जिम्बाब्वे में रहते हैं। नवंबर के महीने में यहां पर बारिश होती है। इस वजह से यह महीना वनस्पतियों और जीवों के विकास के लिये काफी अहम होता है। कुछ लोगों का यह भी मानना है कि यह महीना रीति-रिवाजों के लिए बेहद पवित्र होता है। इस वजह से यहां नवंबर के महीने में शोरशराबे वाला समारोह नहीं आयोजित किया जा जाता है।
इस परंपरा के खिलाफ है इसाई समुदाय के लोग
इसाई समुदाय के कुछ लोग इस महीने को काफी पवित्र मानते हैं और शादी जैसी गतिविधियों पर प्रतिबंध के खिलाफ हैं। वहीं परंपराओं को मानने वाले लोग अभी भी इस महीने में शादी करने से बचते हैं। सैटरडे हेराल्ड लाइफस्टाइल के एक सर्वेक्षण में यह खुलासा हुआ है कि ब्लैक नवंबर का मुद्दा परंपरा और सांस्कृतिक मान्यताओं से जुड़ा है। लोग अपनी इच्छा के अनुसार इसे मानते हैं। किसी भी व्यक्ति पर इस परंपरा को मानने का दबाव नहीं बनाया जाता है।
बकरों के प्रजनन की वजह से भी नहीं होती शादियां
जिम्बाब्वे में नवंबर के महीने में शादी न करने की कई वजहें हैं। इनमें से एक यह भी है कि शादियों के समय बकरे और बकरियों की मांग तेज हो जाती है। वहीं यह महीना उनके प्रजनन के लिए उपयुक्त होता है। इस वजह से बकरे-बकरी पालने वाले लोग इस महीने शादी न करने की सलाह देते हैं। क्योंकि इस महीने दावत के लिए बकरे और बकरी मिलना मुश्किल हो जाता है।
कई किस्से हैं प्रचलित
नवंबर में शादी न करने की मान्यता मानने वाले लोगों के बीच इससे जुड़े कई किस्से भी प्रचलित हैं। उनका कहना है कि नवंबर में शादी करने पर आपको भविष्य में समस्याओं का सामना करना पड़ता है। एक पीड़ित ने कहा कि, ‘मुझे याद है कि मेरे भाई की शादी आठ साल पहले नवंबर के महीने में हुई थी और अभी तक उन्हें कोई संतान नहीं हुई है।










































