नई दिल्ली: पंजाब किंग्स आईपीएल 2026 से बाहर होने की कगार पर खड़ी है। सीजन के पहले हाफ में टीम एक भी मैच नहीं हारी थी। 7 मैचों में 6 जीत और एक रद्द मैच के पॉइंट के साथ टीम टेबल में टॉप पर थी। दूसरे हाफ में अभी तक खेले सभी 6 मैचों में पंजाब को हार मिली है। इन 6 मैचों में पंजाब ने अपने घरेलू मैदान मुल्लांपुर और धर्मशाला में चार मैच खेले हैं। 2023 में आईपीएल दोबारा होम और अवे फॉर्मेट में लौटा था। तब से घर में पंजाब का रिकॉर्ड सबसे खराब है।
पंजाब किंग्स घर में 19 मैच हारी
आईपीएल 2023 से अभी तक पंजाब किंग्स के तीन घरेलू मैदान रहे हैं- मोहाली का आईएस बिंद्रा स्टेडियम, मुल्लांपुर का महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम और धर्मशाला का हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम। इन तीन स्टेडियम पर 2023 सीजन से अभी तक पंजाब ने 27 मैच खेले हैं। इसमें टीम को सिर्फ 8 जीत और 19 हार मिली है। यह आईपीएल की सभी 10 टीमों में इस दौरान घरेलू मैदान पर सबसे खराब रिकॉर्ड है।










































