
स्वास्थ्य जागरूकता एवं पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 123 बटालियन भरवेली स्थित कैंप परिसर में ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ के तहत भव्य साइकिल रैली का आयोजन किया गया। रैली में अधिकारियों, जवानों एवं स्थानीय युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर फिटनेस और स्वच्छ पर्यावरण का संदेश दिया।
साइकिल रैली का शुभारंभ कमाण्डेंट श्री हजारी लाल एवं वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया। इस अवसर पर कमाण्डेंट श्री हजारी लाल ने कहा कि नियमित साइकिल चलाना शरीर को स्वस्थ रखने का सरल और प्रभावी माध्यम है। इससे हृदय मजबूत होता है, वजन नियंत्रित रहता है तथा मानसिक स्वास्थ्य भी बेहतर होता है। उन्होंने कहा कि साइकिल का उपयोग प्रदूषण कम करने और ईंधन की बचत में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
रैली के दौरान प्रतिभागियों ने फिटनेस अपनाने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित लोगों को प्रतिदिन कम से कम 30 मिनट शारीरिक गतिविधियों में भाग लेने एवं नियमित रूप से साइकिल चलाने का संकल्प दिलाया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य जवानों और आम नागरिकों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना तथा फिट इंडिया अभियान को जन-जन तक पहुंचाना रहा।