बड़वानी: मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले के सेंधवा स्थित सीएम राइज स्कूल में मंगलवार को एक बड़ा हादसा हो गया। यहां क्लास चलने के दौरान अचानक छत का प्लास्टर भरभराकर नीचे गिर गया। इस हादसे में कक्षा 9वीं में पढ़ रही दो छात्राएं मलबे की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गई हैं।
छत गिरते ही क्लास में चीख-पुकार मच गई। शिक्षकों ने आनन-फानन में लहूलुहान छात्राओं को सेंधवा सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक दोनों छात्राएं फिलहाल खतरे से बाहर हैं, लेकिन एक छात्रा के सिर में दो जगह गंभीर चोटें आई हैं।कलेक्टर का बड़ा एक्शन, जनशिक्षक सस्पेंड
हादसे की खबर मिलते ही जनजातीय कार्य विभाग की सहायक आयुक्त रंजना सिंह ने स्कूल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पूरे मामले से अवगत होने के बाद कलेक्टर जयति सिंह ने स्कूल की नियमित मॉनिटरिंग और निरीक्षण में गंभीर लापरवाही बरतने के आरोप में प्रभारी जनशिक्षक राजू शिंदे को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है।
जर्जर भवन और प्रशासन की लेटलतीफी
- सेंधवा सीएम राइज स्कूल की कक्षा 9वीं में पढ़ाई के दौरान अचानक छत का प्लास्टर गिरा।
- शिक्षकों ने घायल छात्राओं को अस्पताल पहुंचाया। एक के सिर में गहरी चोट है, फ्रैक्चर नहीं है।
- सहायक आयुक्त रंजना सिंह ने मौके का मुआयना कर कलेक्टर को रिपोर्ट सौंपी।
- लापरवाही के दोषी प्रभारी जनशिक्षक राजू शिंदे को सस्पेंड कर उनका मुख्यालय पाटी बीईओ ऑफिस तय किया गया।
- अधूरी कागजी प्रक्रिया को दरकिनार कर बुधवार सुबह से नए भवन में स्कूल लगाने के आदेश।










































