भारत में सोने (Gold) को सिर्फ एक आभूषण या निवेश का जरिया नहीं माना जाता, बल्कि यह हमारे समाज में संपन्नता और सुरक्षा का एक बड़ा प्रतीक है। शादी-ब्याह का सीजन हो या कोई बड़ा त्योहार, भारतीय परिवारों में सोना खरीदना एक परंपरा रही है। जब घर में सोने की मात्रा बढ़ने लगती है, तो सुरक्षा के लिहाज से ज्यादातर लोगों के दिमाग में पहला ख्याल ‘बैंक लॉकर’ (Bank Locker) का आता है। लोगों को लगता है कि घर की तिजोरी के मुकाबले बैंक का लॉकर सबसे सुरक्षित जगह है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि बैंक लॉकर में सोना रखने को लेकर भी कुछ नियम और सीमाएं होती हैं? क्या रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) ने इसकी कोई अधिकतम सीमा तय की है? किसी भी बड़े नुकसान या आयकर (Income Tax) के झंझट से बचने के लिए इन नियमों को विस्तार से समझना बेहद जरूरी है।
कितना सोना रख सकते हैं?
सबसे पहले इस बात का जवाब जान लेते हैं कि बैंक लॉकर में आप कितना सोना रख सकते हैं। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के नियमों के अनुसार, बैंक लॉकर में सोना रखने की कोई ऊपरी सीमा (Maximum Limit) तय नहीं है। यानी आप अपने लॉकर के साइज और क्षमता के हिसाब से जितना चाहें उतना सोना या कीमती सामान वहां रख सकते हैं। बैंक आपसे कभी यह नहीं पूछता कि आप लॉकर के अंदर क्या और कितनी मात्रा में रख रहे हैं, क्योंकि लॉकर के अंदर रखे सामान की गोपनीयता (Privacy) पूरी तरह बरकरार रखी जाती है। हालांकि, भले ही आरबीआई ने कोई लिमिट तय न की हो, लेकिन इसका मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि आप असीमित मात्रा में बिना किसी रिकॉर्ड के सोना रख सकते हैं। यहाँ पर बैंक के नियमों से ज्यादा आयकर विभाग (Income Tax Department) के नियम लागू हो जाते हैं।
सोने का होना चाहिए बिल
आयकर विभाग के नियमों के मुताबिक, आप बैंक लॉकर या घर में जितना भी सोना रखते हैं, उसका एक वैध स्रोत (Valid Source) होना अनिवार्य है। यानी आपके पास उस सोने को खरीदने का पक्का बिल होना चाहिए, या फिर वह आपको विरासत (Inheritance) या गिफ्ट में मिला है, तो उसका प्रमाण होना चाहिए। यदि कभी आयकर विभाग की टीम आपके लॉकर की जांच करती है और वहां ऐसा सोना मिलता है जिसका कोई हिसाब-किताब या बिल आपके पास नहीं है, तो उसे ‘अघोषित संपत्ति’ माना जा सकता है। ऐसी स्थिति में आपको भारी जुर्माना देना पड़ सकता है और आपका सोना जब्त भी किया जा सकता है। इसलिए, लॉकर में उतना ही सोना रखें जिसका टैक्स रिकॉर्ड आपके पास मौजूद हो।क्या हैं टैक्स नियम?
हालांकि, टैक्स नियमों में एक निश्चित मात्रा में बिना बिल वाले सोने को लेकर कुछ रियायतें भी दी गई हैं। आयकर कानून के तहत, एक विवाहित महिला (Married Woman) अपने पास 500 ग्राम (आधा किलो) तक सोना बिना किसी सोर्स या बिल के रख सकती है। वहीं, एक अविवाहित महिला (Unmarried Woman) को 250 ग्राम तक सोना रखने की छूट है। पुरुषों की बात करें, तो एक पुरुष (विवाहित या अविवाहित) केवल 100 ग्राम तक ही सोना बिना किसी इनकम सोर्स के अपने पास रख सकता है। यदि आपके लॉकर में इस तय सीमा से अधिक सोना पाया जाता है, तो आपको अनिवार्य रूप से उसका वैध सोर्स या अपनी कमाई का सबूत देना होगा।
एक और महत्वपूर्ण बात जो लॉकर धारकों को समझनी चाहिए, वह है नुकसान की स्थिति में बैंक की जिम्मेदारी। कई लोगों को गलतफहमी होती है कि लॉकर में रखे सोने के चोरी होने पर बैंक पूरा हर्जाना देगा। लेकिन आरबीआई के नए नियमों के अनुसार, यदि बैंक में चोरी, डकैती, धोखाधड़ी या बिल्डिंग गिरने जैसी घटनाएं होती हैं, तो बैंक की देयता (Liability) सीमित होती है। ऐसी स्थिति में बैंक आपको लॉकर के सालाना किराए का अधिकतम 100 गुना तक ही मुआवजा देने के लिए बाध्य है। उदाहरण के लिए, यदि आपके लॉकर का सालाना किराया ₹3,000 है, तो नुकसान होने पर बैंक आपको अधिकतम ₹3 लाख ही देगा, भले ही आपके लॉकर में ₹50 लाख का सोना क्यों न रखा हो। वहीं, प्राकृतिक आपदाओं (जैसे भूकंप या बाढ़) में होने वाले नुकसान के लिए बैंक बिल्कुल जिम्मेदार नहीं होता।










































