नई दिल्लीः भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने घरेलू रसोई गैस की कीमतों में हालिया बढ़ोतरी को लेकर विपक्ष के आरोपों का जवाब दिया है। पार्टी का कहना है कि भारत में आज भी लोगों को दुनिया के कई देशों के मुकाबले सस्ती रसोई गैस उपलब्ध कराई जा रही है। दरअसल, घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम में 29 रुपये की बढ़ोतरी के बाद विपक्ष ने सरकार की आलोचना की है, जिस पर बीजेपी ने यह प्रतिक्रिया दी।
तीन महीनों में दूसरी बार बढ़ोतरी
यह पिछले तीन महीनों में दूसरी बार कीमतों में वृद्धि है, जबकि सरकारी तेल विपणन कंपनियां बढ़ी हुई वैश्विक ऊर्जा लागत के दबाव का सामना कर रही हैं। भाजपा आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने कहा कि वैश्विक ऊर्जा संकट के बावजूद सरकार ने रसोई गैस को बेहद सस्ता बनाए रखा है।विपक्ष शोर मचा रहा है
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि हर बार जब एलपीजी की कीमतों में थोड़ा बदलाव होता है, विपक्ष शोर मचाता है। वे यह नजरअंदाज करते हैं कि भारतीय घरों को अभी भी दुनिया में सबसे कम कीमतों पर रसोई गैस मिल रही है।
आपूर्ति लागत अब 1600 रुपए से अधिक
उन्होंने आगे बताया कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थी को 14.2 किलो सिलेंडर प्रभावी रूप से 642 रुपए में मिलता है, जबकि सामान्य उपभोक्ता 942 रुपए देता है, जो बाजार से जुड़ी वास्तविक लागत से लगभग 700 रुपए कम है, जबकि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इसकी आपूर्ति लागत अब 1600 रुपए से अधिक हो गई है।










































