तेलंगाना के हिंदूवादी नेता और पूर्व विधायक टी. राजा सिंह के प्रस्तावित भोपाल दौरे से पहले इंटरनेट मीडिया पर उन्हें कथित तौर पर जान से मारने की धमकी दिए जाने का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर भोपाल पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार आरोपियों ने इंस्टाग्राम पर वीडियो और आपत्तिजनक टिप्पणियां पोस्ट कर टी. राजा सिंह के प्रति अभद्र भाषा का प्रयोग किया तथा उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मारने की धमकी दी।
मामले में तलैया थाना पुलिस ने अराज और मोहम्मद आमिर खान के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है।
सोशल मीडिया पोस्ट बनी कार्रवाई का आधार
अरेरा हिल्स क्षेत्र के भीमनगर निवासी आदर्श इनवाते ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में कहा गया कि इंस्टाग्राम की दो अलग-अलग आईडी से ऐसे वीडियो और टिप्पणियां पोस्ट की गईं, जिनमें धमकी भरे संदेश, अभद्र भाषा और हिंसा को बढ़ावा देने वाले कथन शामिल थे।










































