मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी जीतने वाली भारतीय महिला हॉकी टीम के लिए एक करोड़ रुपये के इनाम की घोषणा की है। इसके अलावा प्रत्येक खिलाड़ी को पांच-पांच लाख रुपये और सहयोगी स्टाफ को 2.5 लाख रुपये देने की घोषणा की।
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी जीतने वाली भारतीय महिला हॉकी टीम के लिए एक करोड़ रुपये के इनाम की घोषणा की है। भारतीय महिला टीम ने भोपाल में खेले गए टूर्नामेंट के फाइनल में चीन को 3-1 से हराया। भोपाल के नाथू बरखेड़ा स्टेडियम में शनिवार रात यादव ने भारतीय टीम को ट्रॉफी सौंपी और खिलाड़ियों को जीत पर बधाई दी।
मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन की सराहना की और कहा कि इससे भारतीय हॉकी के सुनहरे अतीत की यादें ताजा हो गई। उन्होंने टीम के लिए एक करोड़ रुपये के अलावा प्रत्येक खिलाड़ी को पांच-पांच लाख रुपये और सहयोगी स्टाफ को 2.5 लाख रुपये देने की घोषणा की।
विश्व कप की मेजबानी के लिए किया आग्रह
उन्होंने कहा, इस आर्थिक प्रोत्साहन का मकसद खिलाड़ियों को अच्छा प्रदर्शन जारी रखने, देश का नाम रोशन करने तथा और भी ऊंचाइयां हासिल करने के लिए प्रेरित करना है। मोहन यादव ने अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ के अध्यक्ष तैयब इकराम से जनवरी-फरवरी में होने वाले विश्व कप की मेजबानी मध्यप्रदेश को सौंपने का भी आग्रह किया। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश इस प्रतियोगिता की मेजबानी के लिए तैयार है और अपने संसाधनों व सुविधाओं का इस्तेमाल करके वैश्विक स्तर की प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन करने की पूरी कोशिश करेगा।
तीसरी बार जीता खिताब
भारतीय महिला हॉकी टीम ने इस साल शानदार प्रदर्शन को जारी रखते हुए ओलंपिक सिल्वर मेडलिस्ट चीन को 3-1 से हराकर लगातार तीसरी बार एशियाई चैम्पियंस ट्रॉफी खिताब जीत लिया। भारत के लिये दीपिका ने 38वें और 43वें मिनट में गोल दागे जबकि इशिका ने 42वें मिनट में फील्ड गोल किया। चीन के लिये एकमात्र गोल युजुन चेन ने 25वें मिनट में दागा। दीपिका ने भारत को 0-1 से पिछड़ने के बाद 3-1 से जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। दीपिका ने टूर्नामेंट में सर्वाधिक 10 गोल किये जिनमें से नौ पेनल्टी कॉर्नर पर थे। उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का पुरस्कार दिया गया। सेमीफाइनल में भारत ने मलेशिया को 6-2 से हराया था।
दक्षिण कोरिया को छोड़ा पीछे
यह इस टूर्नामेंट में चीन के खिलाफ भारत की दूसरी जीत है। इससे पहले राउंड रॉबिन लीग में भारत ने चीन को 6-2 से हराया था। अब वह इस टूर्नामेंट की सबसे सफल टीम बन गई है। भारतीय महिला टीम ने दक्षिण कोरिया को पीछे छोड़ दिया है जिसने यह खिताब 3 बार जीता था। भारत ने इससे पहले 2016, 2023 और 2024 में यह खिताब अपने नाम किया था।










































