लाखों खर्च फिर भी प्यासे ग्रामीण, सालईटोला में नल जल योजना ने तोडा दम

0

पद्मेश न्यूज। वारासिवनी। सरकार भले ही हर घर जल और नल जल योजना के माध्यम से ग्रामीणों तक शुद्ध पेयजल पहुँचाने के बड़े.बड़े दावे कर रही हो लेकिन जमीनी हकीकत इसके उलट है। वारासिवनी जनपद पंचायत के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत मंगेझरी का ग्राम सालईटोला इन दिनों भीषण जल संकट के दौर से गुजर रहा है। यहाँ नल जल योजना पूरी तरह से फेल साबित हो रही है जिससे ग्रामीणों को पानी की एक.एक बूँद के लिए यहां वहाँ भटकना पड़ रहा है। गाँव में लोगों को पेयजल संकट से निजात दिलाने के लिए शासन के द्वारा लाखों रुपए की लागत से पानी की टंकी का निर्माण कराया गया था। उम्मीद थी कि इस योजना के शुरू होने से हर घर में आसानी से पानी पहुँचेगा। परंतु जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदार की लापरवाही के चलते यह योजना कभी सुचारू रूप से चल ही नहीं पाई। वर्तमान स्थिति यह है कि लाखों की लागत से बनी यह पानी की टंकी महज एक शोपीस बनकर रह गई है और ग्रामीणों की प्यास बुझाने में पूरी तरह नाकाम साबित हो रही है। जल संकट का आलम यह है कि बीते कुछ समय से यह नल जल योजना पूरी तरह से बंद पड़ी हुई है। गाँव के लोगों को अपनी दैनिक जरूरतों और पीने के पानी के लिए करीब १ किलोमीटर की दूरी पैदल तय करनी पड़ रही है। चिलचिलाती धूप और गर्मी के इस मौसम में ग्रामीणों का पूरा समय सिर्फ पानी का इंतजाम करने में ही बीत रहा है। जब यह योजना चालू भी रहती थी तब भी इसका लाभ पूरे गाँव को नहीं मिलता था। यह योजना बेहद अनियमित है कभी भी बंद हो जाती है और बहुत कम समय के लिए चालू की जाती है। इस वजह से सिर्फ कुछ ही परिवारों को पानी मिल पाता था जबकि अधिकांश आबादी इससे वंचित ही रही। योजना बंद होने के कारण अब सालईटोला के ग्रामीणों के पास केवल गाँव के हैंडपंप और कुएँ ही एक मात्र सहारा बचे हैं। पानी के लिए इन जलस्रोतों पर सुबह से ही कतारें लग जाती हैं। यदि आने वाले दिनों में ये स्रोत भी सूख गए तो स्थिति और भयावह हो जाएगी। ग्रामीणों में प्रशासन और स्थानीय ग्राम पंचायत के खिलाफ भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि सालईटोला में बंद पड़ी नल जल योजना को तत्काल प्रभाव से सुधारा जाए और नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए।

नल जल योजना की बहुत खराब स्थिति है नलों में नहीं आता है पानी-धनसिंह सलामे

ग्रामीण धनसिंह सलामे ने बताया कि नल जल योजना की हमारे यहां बहुत खराब स्थिति है पानी नलों में नहीं आता है। बीच में जब चालू हुई थी तो १ से २ बाल्टी पानी बड़ी मुश्किल से मिलता था परंतु उसका पैसा पूरा देना होता था। अभी कुछ समय से यह योजना बंद पड़ी हुई है पानी भी नहीं आ रहा है हम लोग खेत के कुएं में पानी लाने के लिए जाते हैं। यह अकेली स्थिति हमारे साथ नहीं पूरे गांव के साथ है इस योजना से हर कोई त्रस्त है। हम लोगों को कभी यह एहसास नहीं हुआ की नल जल योजना से हमें कभी पर्याप्त पानी मिला होगा या गांव में कहीं पानी व्यवस्थित रूप से आ रहा होगा बहुत दिक्कत है।

नल जल योजना से नही मिल रहा ग्रामीणों को पानी-संत कुमार बिसेन

संत कुमार बिसेन ने बताया कि हम लोग गांव के हैंडपंप और कुएं के माध्यम से पानी लाते हैं। पूरा गांव यही जल स्रोत से पानी भरता है हालांकि कुछ मकान में बोरवेल भी है तो वह भी आस पड़ोस में पानी दे देते हैं परंतु बहुत ज्यादा दिक्कत है। नल जल योजना हमारे यहां बनी हुई है हर घर में नल कनेक्शन लगा हुआ परंतु अभी कुछ दिनों से पूरी योजना बंद पड़ी है। पानी नहीं निकल रहा है बताते हैं परंतु कभी यह योजना अच्छे से चालू नहीं रही और ना ही किसी को पर्याप्त कभी पानी मिला है। पहले की तरह हम अभी भी बाहर दूसरे स्रोत से पानी ला रहे हैं समस्या तो होती हैं पूरे परिवार को पानी लाने के लिए जाना पड़ता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here