मध्य प्रदेश सरकार की लाड़ली बहना योजना (Ladli Behna Yojana) को लेकर सोशल मीडिया पर भ्रामक जानकारी फैलाकर महिलाओं को ठगी का शिकार बनाया जा रहा है। ठग ग्वालियर शहर और ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को वर्ष 2023 में भरे गए आवेदन पत्र व्हाट्सएप पर भेज रहे हैं। इन फॉर्म में महिलाओं के फोटो, नाम और मोबाइल नंबर जैसी व्यक्तिगत जानकारी मौजूद है। आवेदन के साथ क्यूआर कोड भेजकर 1350 रुपये जमा कराने की मांग की जा रही है। प्रशासन इस बात की जांच कर रहा है कि पुराने आवेदन ठगों तक कैसे पहुंचे।3000 रुपये किस्त और नए पंजीयन का झांसा
ठग महिलाओं को योजना में शामिल कराने और किस्त की राशि 3000 रुपये तक बढ़ाने का दावा कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर यह भी प्रचार किया जा रहा है कि लाड़ली बहना योजना के तीसरे चरण के तहत 31 अगस्त 2026 तक जिला, तहसील और ग्राम पंचायत स्तर पर शिविर लगाए जाएंगे। इसी झांसे में आकर कई महिलाएं क्यूआर कोड स्कैन कर रुपये भेज चुकी हैं।पुलिस वर्दी की फोटो लगाकर किया संपर्क
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, अमायन (भिंड) निवासी एक महिला ने बताया कि उसने वर्ष 2023 में लाड़ली बहना योजना का आवेदन भरा था। हाल ही में उसका वही पुराना आवेदन व्हाट्सएप पर भेजा गया। जिस नंबर से संदेश आया, उसकी प्रोफाइल पर पुलिस वर्दी पहने युवक की तस्वीर लगी थी। आरोपी ने कहा कि 1350 रुपये भेजने पर योजना में नाम जोड़कर किस्त शुरू करा दी जाएगी। महिला ने परिजनों से जानकारी लेने के बाद भुगतान नहीं किया।
यह भी पढ़ें- लाड़ली बहना योजना की 38वीं किस्त जारी, महिलाओं के खातों में पहुंचे 1500 रुपये; ऐसे करें चेक
शिकायत करने से बच रही हैं महिलाएं
ग्वालियर में कुछ महिलाएं इस फर्जीवाड़े का शिकार होकर क्यूआर कोड के माध्यम से रुपये भेज चुकी हैं। हालांकि अधिकांश पीड़ित महिलाएं शिकायत दर्ज कराने से बच रही हैं। प्रशासन को आशंका है कि प्रदेश के अन्य जिलों में भी इस तरह की ठगी हो सकती है। उल्लेखनीय है कि ग्वालियर में 3.10 लाख से अधिक महिलाएं लाड़ली बहना योजना से जुड़ी हुई हैं।










































