शाजापुर। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को जिले के ग्राम मकोड़ी स्थित उपार्जन केंद्र का दौरा कर समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और भरोसा दिलाया कि किसी भी किसान का गेहूं बिकने से नहीं छूटेगा।
मुख्यमंत्री ने श्याम वेयर हाउस उपार्जन केंद्र पहुंचकर ट्रॉली पर चढ़कर गेहूं की गुणवत्ता और भंडारण की स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र पर मौजूद अधिकारियों को व्यवस्थाएं बेहतर रखने और किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश दिए।
किसानों की समस्याएं सुनीं
निरीक्षण के दौरान किसानों ने मुख्यमंत्री को बताया कि गेहूं विक्रय के लिए स्लॉट बुकिंग में परेशानी आ रही है। साथ ही अन्य तकनीकी और व्यवस्थागत समस्याएं भी सामने रखीं। इस पर मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि जब तक सभी किसानों का गेहूं नहीं बिक जाता, तब तक खरीदी की अवधि बढ़ाई जाती रहेगी। फिलहाल इसे 23 मई तक बढ़ा दिया गया है और आवश्यकता पड़ने पर आगे भी बढ़ाया जाएगा।









































