संभागीय फुटबॉल प्रतियोगिता में बालाघाट की बेटियों का शानदार प्रदर्शन

0

फाइनल में डिंडोरी को 3-0 से हराकर मिनी वर्ग में बनीं विजेता

10 खिलाड़ियों का राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन

बालाघाट 22 सितम्‍बर 2026। जबलपुर में 21 सितंबर को आयोजित संभागीय फुटबॉल प्रतियोगिता के मिनी वर्ग में बालाघाट की बेटियों ने शानदार खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया। फाइनल मुकाबले में बालाघाट की टीम ने डिंडोरी को एकतरफा मुकाबले में 3-0 से पराजित कर प्रतियोगिता में अपनी श्रेष्ठता साबित की।

बालाघाट जिले की ओर से कन्या शिक्षा परिसर बालाघाट, गोंगलाई की छात्राओं ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। टीम की खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट के दौरान बेहतरीन तालमेल, अनुशासन और खेल कौशल का परिचय दिया। फाइनल मुकाबले में भी खिलाड़ियों ने शुरू से ही आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए डिंडोरी की टीम पर दबाव बनाए रखा और 3-0 से शानदार जीत दर्ज की। टीम की इस उपलब्धि पर सहायक आयुक्त श्रीमती शकुंतला डामोर, जिला प्रधाधिकारी डी.के. मेश्राम, प्राचार्य श्रीमती सुनीता बोरकर सहित संस्था के समस्त स्टाफ ने खिलाड़ियों एवं टीम के प्रशिक्षकों को शुभकामनाएं और बधाई प्रेषित की। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगामी प्रतियोगिताओं में भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया।

संस्था के पीटीआई श्री कमल किशोर तेलासे ने बताया कि प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर टीम की 10 खिलाड़ियों का चयन विभागीय राज्य स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता के लिए किया गया है। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन 23 सितंबर को शहडोल में किया जाएगा। बालाघाट की खिलाड़ियों के चयन से विद्यालय एवं जिले में खुशी का माहौल है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here