हैदराबाद हाउस में रूबियो से मिले एस जयशंकर, ऊर्जा संकट-पश्चिम एशिया सहित वैश्विक मुद्दों पर हुई चर्चा

0

Rubio meets S Jaishankar : भारत दौरे पर आए अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने रविवार को अपने भारतीय समकक्ष एस जयशंकर से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच यह मुलाकात दिल्ली स्थित हैदराबाद हाउस में हुई। इस मुलाकात के बारे में जानकारी देते हुए विदेश मंत्री जयशंकर ने कहा कि रूबियो के साथ उनकी ऊर्जा संकट, पश्चिम एशिया सहित वैश्विक मुद्दों पर चर्चा हुई। जयशंकर ने कहा कि आतंकवाद दुनिया के सामने सबसे बड़ी चुनौती है। भारत-अमेरिका रिश्ते का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि अमेरिका और भारत रणनीतिक साझेदार हैं और दोनों देशों के बीच सहयोग की व्यापक संभावना है। जयशंकर ने रूबियो के साथ ऊर्जा संकट पर भी विस्तार से चर्चा की।शनिवार को पीएम मोदी से मिले रूबियो

इससे पहले शनिवार को रूबियो ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की। मोदी को अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने पश्चिम एशिया संकट के बारे में जानकारी दी और रक्षा, रणनीतिक प्रौद्योगिकियों, व्यापार एवं ऊर्जा सुरक्षा सहित महत्वपूर्ण क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की। रूबियो ने कोलकाता की संक्षिप्त यात्रा के बाद नयी दिल्ली पहुंचने के कुछ समय बाद प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की।

चार दिवसीय यात्रा पर भारत आए हैं रूबियो

अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने कहा कि रूबियो ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से प्रधानमंत्री मोदी को ‘निकट भविष्य’ में अमेरिका की यात्रा का न्योता दिया। अमेरिकी विदेश मंत्री की चार दिवसीय यात्रा का उद्देश्य द्विपक्षीय संबंधों को सुधारना है, जिनमें पिछले साल के मध्य से ही तनाव है। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पर कहा, “अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो से मिलकर मुझे प्रसन्नता हुई। हमने भारत-अमेरिका व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी में निरंतर प्रगति और क्षेत्रीय एवं वैश्विक शांति एवं सुरक्षा से संबंधित मुद्दों पर चर्चा की।”कई मुद्दों पर हुई चर्चा

वहीं, रूबियो ने अपनी ओर से अमेरिका-भारत संबंधों के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने एक्स पर कहा, ‘हमने पश्चिम एशिया की स्थिति और ऊर्जा क्षेत्र में अमेरिका-भारत साझेदारी, महत्वपूर्ण आपूर्ति शृंखलाओं को सुरक्षित करने और उभरती प्रौद्योगिकियों पर सहयोग के बारे में चर्चा की। मुझे राष्ट्रपति की ओर से प्रधानमंत्री मोदी को व्हाइट हाउस में आमंत्रित करते हुए खुशी हुई।’ अमेरिकी विदेश विभाग ने कहा कि रूबियो और प्रधानमंत्री मोदी व्यापार और रक्षा संबंधों को मजबूत करने और महत्वपूर्ण तथा उभरती प्रौद्योगिकियों पर सहयोग को बढ़ाने पर सहमत हुए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here